PJMC की OPD का बदला ठिकाना, अब नये भवन में होगा आंख, त्वचा और मानसिक रोग का इलाज
दिग्घी स्थित बना नया मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल | Prabhat Khabar Network
दुमका के फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज में OPD सेवाओं का विस्तार. आंख, त्वचा और मानसिक रोग विभाग का नया पता.
दुमका-- फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को बेहतर और विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नये 500 बैड वाले अस्पताल भवन में ओपीडी सेवाओं की शिफ्टिंग शुरू कर दी गयी है. पहले चरण में नेत्र रोग, मानसिक रोग और चर्म रोग विभाग की ओपीडी को दिग्घी स्थित नवनिर्मित अस्पताल भवन में स्थानांतरित किया जा रहा है. अब इन तीनों विभागों में इलाज कराने वाले मरीजों को ओपीडी के लिए पुराने परिसर के बजाय दिग्घी स्थित नये मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन जाना होगा.
अस्पताल अधीक्षक ने विभागाध्यक्षों को जारी किया निर्देश
अस्पताल अधीक्षक डॉ. रुबेन हेंब्रम ने इस संबंध में संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी किया है. निर्देश में कहा गया है कि नवनिर्मित 500 बैड वाले अस्पताल भवन में ओपीडी का संचालन शीघ्र शुरू किया जाना है. इसी के तहत प्रथम चरण में चयनित विभागों की ओपीडी से संबंधित सामग्री और आवश्यक सामान को नये भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है.
तीन विभागों से होगी ओपीडी शिफ्टिंग की शुरुआत
शिफ्टिंग के पहले चरण में नेत्र रोग, मानसिक रोग और चर्म रोग विभाग को शामिल किया गया है. अब आंखों से संबंधित बीमारी या परेशानी वाले मरीजों को नेत्र रोग विभाग की ओपीडी के लिए दिग्घी जाना होगा. इसी तरह मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मरीजों को मानसिक रोग विभाग और त्वचा संबंधी बीमारी का उपचार कराने वाले मरीजों को चर्म रोग विभाग की ओपीडी नये अस्पताल भवन में ही मिलेगी.
अस्पताल प्रशासन के इस कदम से नये भवन में नियमित ओपीडी सेवाओं के संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है. लंबे समय से नवनिर्मित भवन में स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित तरीके से शुरू करने की तैयारी चल रही थी. अब विभागवार शिफ्टिंग के साथ इसकी शुरुआत होती दिख रही है.
विभागाध्यक्षों को सौंपी गयी शिफ्टिंग की जिम्मेदारी
अस्पताल अधीक्षक डॉ. रुबेन हेंब्रम की ओर से जारी निर्देश में संबंधित विभागाध्यक्षों को अपनी देखरेख में ओपीडी की सामग्री का उठाव कराने और नये भवन में उसे व्यवस्थित तरीके से पहुंचाने को कहा गया है. शिफ्टिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से भी समन्वय किया जा रहा है.
ओपीडी की सामग्री को पुराने स्थान से नये भवन तक पहुंचाने के लिए वाहन और मजदूरों की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी आयुष्मान भारत के प्रभारी को दी गयी है. वहीं अस्पताल प्रबंधक और वित्त प्रबंधक को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया गया है.
अन्य विभागों की ओपीडी पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं
फिलहाल तीन विभागों की ओपीडी को ही नये भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है. अन्य विभागों की ओपीडी को कब और किस चरण में नये अस्पताल भवन में शिफ्ट किया जायेगा, इसे लेकर अभी अलग से निर्देश जारी नहीं किया गया है. ऐसे में अन्य विभागों में इलाज कराने वाले मरीजों को अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी होने वाले अगले निर्देश का इंतजार करना होगा.
मरीजों के लिए जरूरी सूचना
नेत्र रोग, मानसिक रोग और चर्म रोग से संबंधित मरीज ओपीडी में इलाज कराने के लिए एसकेएम यूनिवर्सिटी के नजदीक दिग्घी स्थित नवनिर्मित 500 बैड वाले फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाएं. अस्पताल प्रशासन की ओर से अन्य विभागों की ओपीडी की शिफ्टिंग को लेकर अभी कोई सूचना जारी नहीं की गयी है.
अन्य विभागों की ओपीडी फिलहाल सदर अस्पताल में ही संचालित होगी. इसलिए अन्य विभागों से जुड़े मरीज बिना आधिकारिक सूचना के नये अस्पताल न जाएं. इससे मरीजों को अनावश्यक रूप से एक परिसर से दूसरे परिसर का चक्कर लगाने से राहत मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








