मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी आस्था,बासुकिनाथ में 4 KM तक कांवरियों की कतार

Updated:
विज्ञापन

अरघा में जल डालते कांवरिया | Prabhat Khabar Network

मूसलाधार बारिश के बावजूद बासुकिनाथ में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर. 4 किमी लंबी कतार, शिवगंगा स्नान और जलार्पण का अद्भुत नज़ारा.

विज्ञापन

बासुकिनाथ. राजकीय श्रावणी मेला के सावन शुक्ल सप्तमी के 21वें दिन बुधवार को सा मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा सकी. बारिश के बीच बाबा बासुकिनाथ धाम पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया. फौजदारी बाबा की नगरी सुबह से ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजती रही. शिवगंगा घाट से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही.

आपके शहर में

विज्ञापन

बाबा फौजदारीनाथ पर जलार्पण के लिए श्रद्धालु रात करीब दो बजे से ही कतारबद्ध होने लगे थे. मंदिर का पट खुलने के बाद लगभग तीन बजे से अरघा के माध्यम से जलार्पण शुरू हुआ. बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आयी.

शिवगंगा में स्नान कर जलार्पण के लिए कतार में शामिल कांवरिया

मंगलवार को शिवगंगा घाट पर भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही. भक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ पवित्र शिवगंगा में स्नान किया और गंगाजल से भरा लोटा लेकर बाबा के जलार्पण के लिए कतार में शामिल हुये.


कतारबद्ध श्रद्धालु.
कतारबद्ध श्रद्धालु.

धार्मिक मान्यता है कि शिवगंगा में स्नान करने के बाद कांवरियों की यात्रा की थकान दूर होती है और उनमें नई ऊर्जा का संचार होता है. स्नान एवं जलार्पण के बाद श्रद्धालु मंदिर से बाहर निकलते समय बाबा के जयकारे लगाते नजर आये.

दर्शनीयाटिकर तक पहुंची चार किलोमीटर लंबी कतार

श्रद्धालुओं की कतार करीब चार किलोमीटर दूर दर्शनीयाटिकर तक पहुंच गयी. लंबी कतार के बावजूद श्रद्धालु पूरे भक्ति भाव के साथ आगे बढ़ते रहे. प्रशासन की ओर से कतार को व्यवस्थित रखने के लिए जगह-जगह आवश्यक व्यवस्था की गयी .

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने शिवगंगा घाट एवं मंदिर परिसर में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. अधिकारी लगातार श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की गयी.

जलार्पण काउंटर से भी श्रद्धालुओं को मिली सुविधा

जो श्रद्धालु लंबे समय तक कतार में खड़े होने में असमर्थ थे, उनके लिए जलार्पण काउंटर की सुविधा उपलब्ध करायी गयी. श्रद्धालुओं ने काउंटर के माध्यम से भी बाबा फौजदारीनाथ को जल अर्पित किया.


बासुकिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़.
बासुकिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़.

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शीघ्रदर्शनम व्यवस्था का लाभ लेकर सुलभ तरीके से बाबा का दर्शन एवं जलार्पण किया. इससे लंबी कतार में खड़े होने में असमर्थ श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली.

बारिश के बीच शांतिपूर्ण तरीके से हुआ जलार्पण

प्रशासन की चुस्त व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में बाबा फौजदारीनाथ की पूजा-अर्चना की और परिवार के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola