बाईपास बनते ही पुराने NH पर कब्जा!हंसडीहा में हादसों का बढ़ा खतरा
एनएच 133 के जमीन पर अतिक्रमणकारियों के नये निर्माण | Prabhat Khabar Network
हंसडीहा में NH133 बाईपास निर्माण के बीच पुराने NH पर अतिक्रमण जारी. सड़क पर निकलना जोखिम.दुर्घटना का बढ़ा खतरा.
हंसडीहा. देवघर-चोपामोड़-हंसडीहा एनएच-133 के बाईपास निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद पुराने एनएच की जमीन पर लोगों द्वारा नये निर्माण और अतिक्रमण का सिलसिला तेज हो गया है. बीते वर्ष सड़क किनारे नाला निर्माण के बाद सड़क की जमीन पर धीरे-धीरे लोगों का कब्जा बढ़ता गया. सड़क किनारे हो रहे इन निर्माण कार्यों के कारण गली-मोहल्लों से मुख्य सड़क पर निकलना लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है.
आपके शहर में
अतिक्रमण से बढ़ा दुर्घटना का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की जमीन पर अतिक्रमण बढ़ने के कारण मुख्य मार्ग पर आने-जाने वाले वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. कई स्थानों पर सड़क किनारे निर्माण होने से गली-मोहल्लों से निकलने वाले लोगों को मुख्य सड़क पर आने से पहले पर्याप्त दूरी तक रास्ता साफ दिखाई नहीं देता.
लोगों ने सुरक्षा को देखते हुए एनएचआई के सहायक अभियंता महेंद्र राम से सड़क किनारे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.
अतिक्रमणकारियों को जल्द दिया जायेगा नोटिस
मामले को लेकर एनएचआई के सहायक अभियंता ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सड़क की निर्धारित चौड़ाई के दायरे में आने वाले अतिक्रमणकारियों को जमीन खाली करने का नोटिस दिया जायेगा.
उन्होंने बताया कि सड़क के मध्य से करीब 40 फीट तक एनएच की जमीन है. यदि इस जमीन पर अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, तो अतिक्रमण हटाकर सड़क की जमीन को मुक्त कराया जायेगा.
इधर, गली-मोहल्लों में रहने वाले लोगों का कहना है कि सड़क किनारे से अतिक्रमण हटने के बाद मुख्य सड़क पर निकलने के दौरान दुर्घटना का खतरा काफी कम होगा. लोगों ने एनएच की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई को जरूरी बताते हुए जल्द पहल करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए