उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया व सचिव हुए सम्मानित
Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 24 Apr 2025 11:18 PM
विभिन्न प्रखंडों में मनाया गया पंचायती राज दिवस, भूमिका व महत्व से रूबरू हुए ग्रामीण
दुमका. राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर गुरुवार को दुमका जिले के विभिन्न प्रखंड में कार्यक्रमों का आयोजन कर पंचायती राज व्यवस्था की महत्ता को रेखांकित किया गया. रानीश्वर प्रखंड मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख मार्शिला बास्की एवं बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. वक्ताओं ने पंचायती राज व्यवस्था की भूमिका व महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना इसका मूल उद्देश्य है. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस व्यवस्था को गांव-गांव तक प्रभावी रूप से पहुंचाएं. इस अवसर पर गोबिंदपुर, पाथरा, बिलकांदी, सादीपुर एवं कुमिरदहा पंचायतों के सचिव तथा रांगालिया व सालतोला पंचायतों के मुखिय को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं मसलिया प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायत सचिवालयों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में देखा. इस अवसर पर लुगनी मुर्मू, बिंदूशिला मरांडी, उकील मुर्मू, जगदीश टुडू, बिरेन किस्कू, सुनीता मुर्मू, मो. जब्बार अंसारी, मुराद आलम, कृष्णेन्दू मिश्रा, सूरज कुमार, आकाश कुमार, रंजीत मंडल समेत कई गणमान्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे. जरमुंडी प्रखंड के झनकपुर पंचायत में पंचायती राज दिवस के अवसर पर बाल सभा का आयोजन किया गया. शुभारंभ मुखिया अनिता कुमारी बेसरा ने किया. उन्होंने कहा कि समावेशी और सतत विकास के लिए पंचायती राज व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है. बच्चों की भागीदारी को विकास प्रक्रिया का अहम हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में नेतृत्व की भावना विकसित होती है. बाल सभा में बच्चों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों एवं बाल अधिकारों को उजागर किया. इस पहल की सराहना करते हुए उपस्थित गणमान्य लोगों ने बच्चों को स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में पिरामल टीम से मनोज कुमार, सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहिया भी उपस्थित थीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










