दुमका में बिजली संकट पर फूटा गुस्सा, जाम में फंसे सांसद नलिन सोरेन, सड़क पर ही सुनी समस्या

Updated:
विज्ञापन
Dumka Electricity Cut

सड़क पर प्रदर्शन करते लोग

Dumka Electricity Cut: दुमका में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने एसपी कॉलेज-रेलवे स्टेशन मार्ग को जाम कर दिया. इस दौरान जाम में फंसे सांसद नलिन सोरेन ने अधिकारियों को फोन कर जल्द व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया, जिसके बाद जाम हटा.

विज्ञापन

दुमका से आनंद जायसवाल की रिपोर्ट

Dumka Electricity Cut, दुमका : चिलचिलाती धूप, भीषण गर्मी और उस पर बिजली विभाग की चरमराई व्यवस्था से तंग आकर रविवार को दुमका शहर के लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. शहर के एसपी कॉलेज से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क और सोनवाडांगाल लीची बागान मोहल्ले के स्थानीय निवासियों ने बांस-बल्ली लगाकर मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. दिलचस्प बात यह रही कि यह उग्र प्रदर्शन ठीक उसी मोहल्ले में हुआ, जहां दुमका के सांसद नलिन सोरेन का भी आवास है.

बिजली कटने से बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग

आक्रोशित स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इलाके में बिजली की स्थिति बद से बदतर हो गई है. दिन हो या रात, लगातार घंटों तक बिजली गायब रहती है. इस भीषण गर्मी में बिजली न रहने से सबसे बड़ा संकट पेयजल का खड़ा हो गया है. मोटर नहीं चलने के कारण घरों में पानी की भारी किल्लत हो गई है, जिससे छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं त्राहि-त्राहि कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में छात्र-छात्राओं के दर्जनों लॉज हैं, जहां दूर-दराज के सैकड़ों विद्यार्थी रहकर पढ़ाई करते हैं. लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण छात्रों का भविष्य और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रही है. रात भर बिजली की आंख-मिचौली के कारण लोग सो तक नहीं पा रहे हैं.

Also Read: ‘सरना-सनातन’ पर गरमाई सियासत, बाबूलाल मरांडी ने की ‘डीलिस्टिंग’ की मांग

जाम में फंसे सांसद नलिन सोरेन

सड़क जाम के दौरान ही एक दिलचस्प वाकया हुआ. दुमका सांसद नलिन सोरेन संयोगवश उसी रास्ते से गुजर रहे थे और आंदोलनकारियों के बीच जाम में फंस गए. सांसद की गाड़ी रूकते ही सैकड़ों लोग अपनी फरियाद लेकर उनके पास पहुंच गए. समस्या की गंभीरता को देखते हुए सांसद तुरंत अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और सड़क पर खड़े होकर ही स्थानीय लोगों की एक-एक बात सुनी. मोहल्ले वासियों ने उन्हें विभाग की घोर उदासीनता से अवगत कराया.

मौके पर ही अधिकारियों को लगाया फोन

अपने ही मोहल्ले के लोगों को परेशान देख सांसद नलिन सोरेन ने बिना समय गंवाए मौके पर ही बिजली विभाग के आला अधिकारियों को फोन लगाया. उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार करने का कड़ा निर्देश दिया. जनता को आश्वस्त करते हुए सांसद ने कहा कि यह मेरा भी मोहल्ला है और मैं आपकी परेशानी को बहुत अच्छी तरह समझ रहा हूं. अधिकारियों से बात हो गई है, जल्द ही बिजली और पानी की आपूर्ति दुरुस्त कर दी जाएगी.” सांसद और स्थानीय प्रशासन के इस त्वरित कदम और पुख्ता आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ, जिसके बाद करीब कुछ देर तक लगा रहा यह सड़क जाम हटा लिया गया और आवागमन दोबारा सामान्य हो सका.

Also Read: Ramgarh: भैरवी नदी किनारे चल रही अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस का छापा, एक गिरफ्तार

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola