दुमका में 2 दिन में सभी पात्र छात्रों को मिलेगी प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, डीसी ने दिया निर्देश
बैठक में दिशा-निर्देश देते उपायुक्त अभिजीत सिन्हा. | Prabhat Khabar Network
दुमका डीसी अभिजीत सिन्हा ने कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में सभी पात्र छात्रों को दो दिनों के भीतर प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति देने का निर्देश दिया है।
दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की सभी लंबित प्रक्रियाएं पूरी कर दो दिनों के भीतर जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति बच्चों की शिक्षा और शैक्षणिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है.
समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में छात्रावास, आवासीय विद्यालय, विद्यालय मरम्मत, स्मार्ट क्लास, आदिवासी कला केंद्र, स्वास्थ्य सुविधाओं और संविधान की धारा 275(1) के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने निर्माणाधीन भवनों का कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने तथा पूर्ण भवनों को औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित विभागों को सौंपने का निर्देश दिया.
आवासीय विद्यालयों में पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया. स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने पर जोर दिया. आदिवासी कला केंद्रों को खाली नहीं रखने तथा स्थानीय लोगों और संबंधित विभागों के सहयोग से उनके उपयोग की योजना बनाने का निर्देश दिया गया.
काठीकुंड अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गयी. लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले कुछ प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया. उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए समय पर लक्ष्य पूरा करने और वास्तविक लाभ लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया.
बैठक में डीडीसी अनिकेत सचान, प्रशिक्षु आइएफएस पुष्कर काले, डीडब्ल्यूओ गौतम कुमार मोदी, डीटीओ मृत्युंजय कुमार, डीएसई समेत संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










