आस्था का सैलाब, दसवें दिन 92,437 कांवरियों ने बासुकिनाथ में किया जलाभिषेक
बासुकिनाथ मंदिर में कतारबद्ध कांवरिया, शिवभक्तों की भीड़ तथा आरती करते भक्त | Prabhat Khabar Network
बासुकिनाथ श्रावणी मेला के दसवें दिन 92,437 कांवरियों ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर को शीघ्रदर्शनम और दान से 24 लाख रुपये से अधिक की आय हुई।
बासुकिनाथ: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के दसवें दिन शनिवार को बासुकिनाथ धाम स्थित बाबा फौजदारीनाथ मंदिर में कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही मंदिर परिसर, शिवगंगा घाट और मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं से भरा रहा. सरकारी पूजा के बाद गर्भगृह का पट श्रद्धालुओं के लिए खोला गया और भीड़ को देखते हुए अरघा की व्यवस्था की गयी.
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, 92,437 कांवरियों ने अरघा के माध्यम से जलार्पण किया. श्रद्धालुओं की कतार संस्कार मंडप, फलाहारी धर्मशाला, शिवगंगा और कुशवाहा धर्मशाला तक रही. पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया. मंदिर के समीप स्थित जलार्पण काउंटर पर 22,404 श्रद्धालुओं ने जल अर्पित किया.
यहां से जल पाइप के माध्यम से सीधे गर्भगृह में शिवलिंग पर पहुंचता है. वहीं, शनिवार को मंदिर न्यास पर्षद को विभिन्न स्रोतों से 24 लाख 04 हजार 373 रुपये की आमदनी हुई. इसमें दानपेटी से 2,60,500 रुपये, गर्भगृह गोलक से 35,400 रुपये और अन्य स्रोतों से 19,473 रुपये प्राप्त हुए. शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत 4,178 श्रद्धालुओं ने विशेष सुविधा का लाभ उठाकर जलार्पण किया.
इससे मंदिर न्यास को 20 लाख 89 हजार रुपये की आय हुई. इसके लिए 500 रुपये का कूपन निर्धारित है. श्रद्धालुओं ने शीघ्रदर्शनम की बेहतर व्यवस्था पर संतोष जताया. श्रावणी मेला में दिल्ली कांवर मंडली के दर्जनों सदस्यों ने भी बाबा फौजदारीनाथ का जलार्पण किया और भव्य आरती की.
मंडली के सदस्यों ने बताया कि वे कई वर्षों से सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा को अर्पित करते आ रहे हैं. जलार्पण के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी मनायी. पूरे दिन बासुकिनाथ धाम बाबा के जयकारों और भक्ति भाव से शिवमय बना रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आदित्यनाथ पत्रलेख
आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










