शिवमय हुआ बासुकिनाथ, कांवरियों की भक्ति ने रचा आस्था का अद्भुत दृश्य : 1,27,865 कांवरियों ने अरघा में किया जलार्पण

Updated:
विज्ञापन

बासुकिनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब l Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बासुकिनाथ में श्रावणी मेले के 21वें दिन आस्था का सैलाब उमड़ा. 1,27,865 कांवरियों ने बाबा फौजदारीनाथ के अरघा में जलार्पण किया और पूरा धाम हर-हर महादेव व बोल बम के जयघोष से गूंज उठा.

विज्ञापन

बासुकिनाथ। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 21वें दिन बुधवार को श्रावण शुक्ल पक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर बाबा फौजदारीनाथ की नगरी बासुकिनाथ पूरी तरह शिवमय नजर आयी. भोर से ही मंदिर परिसर, शिवगंगा घाट और मेला क्षेत्र में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. चारों ओर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.

विज्ञापन

देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कांवरियों ने पवित्र शिवगंगा में स्नान कर बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में पहुंचकर मंगलकामना के साथ जलाभिषेक किया. पूर्वाह्न 3:26 बजे से बाबा फौजदारीनाथ के अरघा में जलार्पण शुरू हुआ.

1.27 लाख कांवरियों ने किया बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक

सरकारी पूजा के बाद कतारबद्ध कांवरियों के लिए मंदिर गर्भगृह का पट खोल दिया गया. मंदिर प्रबंधन के अनुसार बुधवार को 1,27,865 कांवरियों ने अरघा के माध्यम से बाबा फौजदारीनाथ पर जलार्पण किया. श्रद्धालुओं की लंबी कतार संस्कार मंडप, फलाहारी धर्मशाला, क्यू कॉम्पलेक्स, शिवगंगा पीड़, कुशवाहा धर्मशाला और तारा मंदिर प्वाइंट तक लगी रही. महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु अनुशासन के साथ कतारबद्ध होकर बाबा का जलाभिषेक करते रहे.

18,138 श्रद्धालुओं ने जलार्पण काउंटर से किया गंगाजल अर्पित

मंदिर प्रांगण में तैनात अधिकारी और कर्मी श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित करते हुए उन्हें गर्भगृह की ओर भेजते रहे. कांवरियों की अटूट श्रद्धा, भक्ति और आस्था देखते ही बन रही थी.

मंदिर संकीर्तनशाला के समीप बनाए गए जलार्पण काउंटर पर भी शिवभक्तों ने गंगाजल अर्पित किया. मंदिर प्रबंधन के अनुसार 18,138 श्रद्धालुओं ने इस सुविधा का लाभ उठाया. काउंटर पर अर्पित जल पाइपलाइन के माध्यम से सीधे मंदिर गर्भगृह स्थित बाबा फौजदारीनाथ के शिवलिंग पर पहुंचता है. इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को बिना लंबी कतार में लगे बाबा के प्रति अपनी आस्था अर्पित करने का अवसर मिला.

बासुकिनाथ मंदिर न्यास को 17.77 लाख की आय

बुधवार को मंदिर न्यास समिति को विभिन्न स्रोतों से कुल 17,77,928 रुपये की आमदनी प्राप्त हुई. मंदिर परिसर स्थित विभिन्न दानपेटियों से 54,740 रुपये तथा गर्भगृह गोलक से 1,01,880 रुपये नगद प्राप्त हुए. अन्य स्रोतों से 4,308 रुपये की आमदनी हुई. दानपेटी और गोलक से प्राप्त राशि की गिनती मंदिर प्रशासनिक भवन में सीसीटीवी और अधिकारियों की निगरानी में की गयी.

शीघ्रदर्शनम से 16.17 लाख की आय, 3,234 श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत बुधवार को 3,234 श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का सुलभ जलार्पण किया. इससे मंदिर न्यास समिति को 16,17,000 रुपये की आमदनी हुई. श्रद्धालुओं को मंदिर कार्यालय से 500 रुपये का कूपन लेना पड़ता है. इसके बाद सिंह द्वार से मंदिर प्रांगण में प्रवेश और विशेष द्वार से गर्भगृह में पहुंचकर जलार्पण की सुविधा दी जाती है. श्रद्धालुओं ने शीघ्रदर्शनम की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की.

शिवगंगा में एनडीआरएफ की मुस्तैदी, सुरक्षित रही श्रद्धालुओं की आस्था की डुबकी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर शिवगंगा में एनडीआरएफ की टीम तीन शिफ्टों में सक्रिय रही. गोताखोर शिवगंगा के विभिन्न घाटों पर लगातार निगरानी करते रहे और श्रद्धालुओं को खतरे वाले स्थानों की ओर जाने से रोकते रहे. शिवगंगा में पानी कम होने के बावजूद टीम के सदस्य विशेष सतर्कता बरतते हुए श्रद्धालुओं को पाताल महादेव कुंड की ओर जाने से रोकते रहे. एनडीआरएफ की मुस्तैदी से कांवरियों ने पवित्र शिवगंगा में सुरक्षित आस्था की डुबकी लगायी और बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक किया. श्रावण शुक्ल सप्तमी पर बासुकिनाथ में उमड़ी श्रद्धा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में पहुंचने वाला हर भक्त अपनी मनोकामना और विश्वास लेकर आता है. बोल बम के जयघोष और हर-हर महादेव की गूंज के बीच पूरा बासुकिनाथ धाम दिनभर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola