Dhanbad News : आठ लेन सड़क बनी ‘लीकेज ज़ोन’, कुर्मीडीह मोड़ के पास सीपेज

Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 23 Mar 2026 1:17 AM

विज्ञापन

डेढ़ साल में दसवीं बार राइजिंग पाइप में हुआ लीकेज, सड़क की मजबूती पर उठे सवाल

विज्ञापन

राज्य की बहुचर्चित 461.90 करोड़ की लागत से बनी आठ लेन सड़क एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार कुर्मीडीह मोड़ के पास सड़क पर सीपेज (पानी का रिसाव) मिलने से इसके निर्माण की गुणवत्ता और मेंटेनेंस पर सवाल खड़े हो गये हैं. जानकारी के अनुसार, यह राइजिंग पाइप लीकेज का संभावित दसवां मामला है. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

सीपेज वाले हिस्से की कटिंग शुरू

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सड़क निर्माण एजेंसी शिवालय कंस्ट्रक्शन ने सीपेज वाले हिस्से की कटिंग शुरू कर दी है. फिलहाल जलापूर्ति बंद है. असली लीकेज प्वाइंट की पहचान जलापूर्ति शुरू होने के बाद ही हो सकेगी. बताया जा रहा है कि पहले भूली क्षेत्र में पहले बने गोफ (धंसान) की मरम्मत के बाद ही दोबारा जलापूर्ति चालू होगी. इसके बाद बिरसा मुंडा पार्क के पास संदिग्ध स्थान पर पाइपलाइन की जांच की जायेगी. यदि यहां राइजिंग पाइप में लीकेज की पुष्टि होती है, तो पाइप की मरम्मत के बाद ही गड्ढे को भरा जाएगा. इधर विशेषज्ञों का मानना है कि पाइपलाइन में बार-बार हो रही लीकेज से सड़क की नींव कमजोर हो रही है. यह भविष्य में बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

सर्विस लेन में राइजिंग पाइप, बार-बार धंस रही सड़क

सर्विस लेन से राइजिंग पाइप गुजारने को लेकर सवाल उठ रहे हैं. जितनी बार सड़क पर गोफ बना है, उसकी जांच में पाइक के ज्वाइंट खुलने का मामला सामने आया है. अधिकारियों की मानें तो सड़क के नीचे से राइजिंग पाइप नहीं होना चाहिए. अगर पाइप बिछायी गयी है तो हाइड्रो प्रेशर टेस्टिंग होनी चाहिए थी. राइजिंग पाइप में जलापूर्ति के अत्यधिक प्रेशर से ज्वाइंट खुल रहे हैं, जिसके कारण सड़क धंस रही है.

उद्घाटन के डेढ़ साल में दसवीं बार धंसी सड़क

अक्तूबर 2024 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आठ लेन सड़क का ऑनलाइन उद्घाटन किया था. सड़क के उद्घाटन के डेढ़ साल के अंदर ही दसवीं बार सड़क धंसने का मामला आया. पहली बार असर्फी अस्पताल के पास सड़क धंसी थी. इसके बाद धारजोरी बस्ती, 99 कोयलांचल सिटी, मेमको मोड़, राजा तालाब, भूली बस्ती और धारजोरी गांव जैसे कई स्थानों पर यह सड़क धंस चुकी है.

आरसीडी के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद ने कहा कि कुर्मीडीह मोड़ के पास सड़क पर सीपेज की शिकायत मिली है. कंस्ट्रक्शन कंपनी को सीपेज एरिया की कटिंग कर वस्तु स्थिति की जानकारी देने को कहा गया है. राइजिंग पाइप में ज्वाइंट के कारण सीपेज हो रहा है तो पाइप को बदलकर दूसरी पाइप डाली जायेगी. भूली व धारजोरी में पाइप बदलने का काम चल रहा है.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola