Dhanbad News: ओलावृष्टि से बिगड़ी व्यवस्था, दूसरे दिन भी आधे शहर में घंटों बिजली गुल

आंधी-बारिश से 200 से अधिक ट्रांसफॉर्मरों में आयी खराबी. वहीं कांड्रा से धनबाद को जोड़ने वाली मुख्य लाइन में भी तकनीकी खराबी आयी. ऐसे में मेंटेनेंस के कारण सुबह से शाम तक उपभोक्ता परेशान रहे.
शनिवार को हुई बारिश व ओलावृष्टि ने शहर की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. खराब मौसम के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में लगे डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मरों व बिजली के उपकरणों में खराबी आ गयी. ऐसे में रविवार को पूरे दिन मेंटेनेंस का काम जारी रहा. इसके कारण शहर के लगभग आधे हिस्से में सुबह से शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
ब्रेकडाउन हो गया था भूली फीडर
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार ओलावृष्टि के दौरान भूली फीडर ब्रेकडाउन हो गया था. इसके अलावा कांड्रा से धनबाद को जोड़ने वाली मुख्य लाइन में भी तकनीकी खराबी आ गयी थी. एक साथ कई जगहों पर समस्या उत्पन्न होने के कारण मरम्मत के काम में काफी समय लगा और बिजली आपूर्ति बहाल करने में देर हुई. बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को पेयजल, दैनिक कार्य और व्यवसाय में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
कांड्रा ग्रिड से सप्लाई बंद, कई इलाकों में अंधेरा
भूली फीडर में आयी खराबी को दूर करने के लिए रविवार की सुबह लगभग सात बजे गोविंदपुर स्थित कांड्रा ग्रिड से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गयी. कांड्रा से भूली के बीच उपकरणों व अंडरग्राउंड केबल में आयी गड़बड़ी को दुरुस्त करने के बाद शाम करीब चार बजे बिजली बहाल की गयी. इस दौरान झारूडीह, बेकारबांध, पॉलिटेक्निक, बाबूडीह समेत कई इलाकों में पूरे दिन बिजली गुल रही.
200 से अधिक ट्रांसफॉर्मरों के फ्यूज उड़े
ओलावृष्टि के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में 200 से अधिक डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मरों के फ्यूज उड़ गये थे. शनिवार की शाम बारिश थमने के बाद मरम्मत का काम शुरू किया गया, लेकिन देर रात तक केवल करीब 50 ट्रांसफॉर्मरों को ही दुरुस्त किया जा सका. रविवार की सुबह फिर से विभाग की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में मरम्मत का काम शुरू किया. ऐसे में कई जगहों पर बिजली का आना-जाना लगा रहा.
मनईटांड़ सब स्टेशन में सात घंटे ठप रही बिजली सप्लाई
जोड़ाफाटक रोड स्थित मनईटांड़ पावर सब स्टेशन में भी बारिश के कारण उपकरणों में खराबी आ गयी थी. इसकी मरम्मत के लिए रविवार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रखी गयी. ऐसे में बैंकमोड़, पुराना बाजार, मनईटांड़, गजुआटांड़, झरिया रोड, जोड़ाफाटक, बस्ताकोला, अशोक नगर, कुम्हारपट्टी और पतराकुल्ही समेत कई इलाकों के उपभोक्ता प्रभावित हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




