Dhanbad News:ड्रंक एंड ड्राइव जांच के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट, वर्दी फाड़ी

Edited by ASHOK KUMAR
Updated:
विज्ञापन

तीन लोगों के खिलाफ दर्ज करायी गयी प्राथमिकी. दो आरोपितों को भेजा गया जेल.

विज्ञापन

धनबाद में ड्रंक एंड ड्राइव जांच अभियान के दौरान शुक्रवार को पुलिस टीम के साथ अभद्रता, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है. यातायात विभाग के परिचारी प्रवर (सार्जेंट मेजर) राकेश कुमार दुबे ने इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. इनमें मेमको मोड़ निवासी प्राइवेट बैंक के मैनेजर विपुल कुमार सिंह, हाउसिंग कॉलोनी निवासी होटल संचालक अनिमेश कुमार व हाउसिंग कॉलोनी निवासी अनिल कुमार सिंह शामिल हैं. पुलिस ने अनिमेश कुमार व विपुल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

क्या है मामला

शिकायतकर्ता राकेश कुमार दुबे ने अपनी शिकायत में बताया कि गुरुवार की रात वह पुलिस टीम के साथ सिंफर गेट के पास ड्रंक एंड ड्राइव तथा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में ड्यूटी पर तैनात थे. रात करीब 10:25 बजे सिटी सेंटर की ओर से आ रही कार ( जेएच 10 डीएच 6065) को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने वाहन को भागने का प्रयास किया. हालांकि पुलिसकर्मियों ने कार को रोक लिया. कार चालक नशे में धुत था, उतरते ही वह गाली-गलौज करने लगा.

अल्कोहल टेस्ट में पॉजिटिव मिला चालक

इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर चालक का अल्कोहल टेस्ट पॉजिटिव मिला. अल्कोहल की मात्रा करीब 0.6776 लीटर दर्ज की गयी. पूछताछ में चालक ने अपना नाम विपुल कुमार सिंह बताया. शिकायत के अनुसार, विपुल लगातार पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने की धमकी देता रहा. उसने जब्ती सूची लेने से भी मना कर दिया. इस दौरान उसने फोन कर दो अन्य लोगों को बुलाया. कुछ देर बाद वाहन संख्या ( जेएच 10सीसी-5661) से पहुंचे दो लोगों ने भी पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया. तीनों गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने पर उतारू हो गए. इसपर किसी तरह पुलिस टीम वाहन को जब्त कर यातायात थाना ले आयी. आरोप है कि थाना पहुंचने पर भी तीनों ने हंगामा करते हुए जब्ती सूची फाड़ दी. जब्त वाहन को भी लेकर भागने का प्रयास किया. रोकने पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की. शिकायतकर्ता राकेश कुमार दुबे ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपियों ने उनकी वर्दी फाड़ दी और नेम प्लेट तोड़ कर कंधे पर लगे बैच भी नोचने का प्रयास किया. मारपीट में उन्हें छाती, कंधे व हाथ में चोटें आयी हैं. बाद में पुलिस बल की मदद से तीनों को पकड़कर धनबाद थाना लाया गया. वहां विपुल कुमार सिंह का दोबारा ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया, जिसमें अल्कोहल की मात्रा 45.9 एमजी/100 एमएल पायी गयी.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola