Dhanbad News: घर की छत से पिस्टल बरामद, पुलिस ने पति को भेजा जेल

Updated at : 15 Feb 2025 12:29 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: घर की छत से पिस्टल बरामद, पुलिस ने पति को भेजा जेल

Dhanbad News: गोमो में गोली लगने से विवाहिता की मौत के मामला में पति व सास पर हत्या का केस दर्ज

विज्ञापन

गोमो के हरिहरपुर थाना क्षेत्र के हटियाटांड़ में विवाहिता प्रतिमा गुप्ता (26) की गुरुवार को गोली लगने से मौत मामले में शुक्रवार को हत्या का मामला दर्ज किया गया है. मृतका के भाई राज प्रसाद गुप्ता की शिकायत पर हरिहरपुर पुलिस ने पति रौनक गुप्ता व सास चंचला देवी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. इधर, गुरुवार की देर रात पुलिस टीम आरोपी रौनक गुप्ता को लेकर उसके घर पहुंची. रौनक की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नाइन एमएम की पिस्टल पुलिस ने घर की छत से बरामद की. छत पर जहां मृतका लहूलुहान हालत में मिली थी, वहां से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है. पिस्टल छत पर उगी झाड़ियों में फेंक दी गयी थी. पुलिस खोखा व पिस्टल जब्त कर रौनक को गिरफ्तार कर थाना ले गयी. पूछताछ के बाद पुलिस ने रौनक को जेल दिया.

पति ने झरिया से पिस्टल लाकर घर में रखने की बात स्वीकारी

हरिहरपुर थाना में पूछताछ के दौरान आरोपी रौनक गुप्ता ने झरिया से पिस्टल लाकर घर में रखने की बात स्वीकार की है. थानेदार राहुल कुमार झा ने बताया कि इस मामले में पुलिस हत्या व अवैध पिस्टल की कड़ी को जोड़ कर अनुसंधान कर रही है. रौनक गुप्ता पर हत्या के साथ-साथ अवैध पिस्टल रखने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. पूछताछ में एसआइ नारायण यादव भी शामिल थे. इधर, देर शुक्रवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मृतका का शव उसके परिजनों को सौंप दिया. जमुनिया नदी में शव का अंतिम संस्कार किया गया.

फोरेंसिक टीम पहुंची, घंटों की जांच पड़ताल

शुक्रवार को फोरेंसिक टीम हरिहरपुर थाना पहुंची. टीम के सदस्यों ने घंटों गहन जांच पड़ताल की. आरोपी का फिंगर प्रिंट, पिस्टल का प्रिंट, खोखा आदि की जांच करते हुए सैंपल भी कलेक्ट किया.

हत्या या आत्महत्या अब तक नहीं सुलझ पायी गुत्थी

आरोपी रौनक गुप्ता ने पुलिस के समक्ष पिस्टल झरिया से लाकर अपने घर में रखने की बात स्वीकार की है. लेकिन उसने हत्या करने की बात कबूल नहीं की है. पुलिस ने बताया कि पिस्टल में एक ही गोली लोड थी. रौनक ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं था. प्रतिमा को किसने गोली मारी या उसने स्वयं अपने को गोली मारी. इसकी गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पायी है. पुलिस पिस्टल देने वाले की तलाश रही है.

पोस्टमार्टम में खुलासा : मौत से पहले प्रतिमा से हुई थी मारपीट,

कनपट्टी में सटाकर मारी गयी थी गोली

प्रतिमा गुप्ता की मौत से पहले उसके साथ मारपीट की गयी थी. शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम में उसके शरीर के कई जगहों पर मारपीट के जख्म के निशान पाये गये. चिकित्सकों के अनुसार गोली उसके दायें कनपट्टी में सटाकर मारी गयी थी. चिकित्सकों को मृतका के सिर पर गन पाउडर मिला है. पोस्टमार्टम के बाद मृतका का विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है. शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया.

पोस्टमार्टम से पहले आपस में भिड़े मृतका के मायके व ससुराल के लोग

शुक्रवार की सुबह मृतका के शव का पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे मृतका के मायके व ससुराल वाले आपस में भिड़ गये. दोनों पक्ष की महिलाएं एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए उलझ पड़ीं. बाद में परिवार के पुरुष सदस्यों के बीच मारपीट शुरू हो गयी. मृतका के मायके वाले ससुराल वालों पर प्रतिमा की हत्या का आरोप लगा रहे थे. आक्रोशित मायके वालों ने मृतका के पति के बड़े भाई गौरव गुप्ता व मां चंचला देवी के साथ मारपीट भी की. बाद में सुरक्षा में तैनात होमगार्ड ने दोनों पक्ष के लोगों को वहां से हटाया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola