Dhanbad News: इकबाल के ड्राइवर पर गोली मारने वाला इजहार हुसैन ओडिशा से गिरफ्तार
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 09 Apr 2026 1:15 AM
Dhanbad News: इजहार हुसैन की निशानदेही पर पिस्टल, गोली सहित कई सामान बरामद, वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान सहित सात के खिलाफ बैंक मोड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज.
धनबाद, वासेपुर का गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल के ड्राइवर हैदर अंसारी उर्फ बबली पर 20 फरवरी को हुई फायरिंग मामले में बैंक मोड़ थाना की पुलिस ने प्रिंस खान के गुर्गे व गोली मारने वाला ओडिशा के अपराधी इजहार हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कलाली बगान के पास से पिस्टल, दो गोली, मैगजीन व अन्य सामान बरामद किया है. बैंकमोड़ थाना के एसआइ राजेश कुमार के बयान पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने ओडिशा के राउरकेला उदितनगर निवासी इजहार हुसैन, चाइबासा के चक्रधरपुर वार्ड नंबर नौ निवासी मो राकिब, रांची के कृष कुमार सिंह, वासेपुर निवासी प्रिंस खान उर्फ हैदर अली, रितिक खान, गोपी खान, असगर अली व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. बता दें कि पुलिस ने राकिब को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
प्रिंस के कहने पर आये थे इजहार व राकिब
पुलिस को दिये बयान में इजहार ने बताया कि 20 फरवरी को वह अपने साथी मो राकिब के साथ चक्रधरपुर से रांची होते हुए धनबाद आया था. यह पूरी साजिश प्रिंस खान, रितिक खान और गोपी खान के कहने पर रची गयी थी. इनका उद्देश्य फहीम खान के बेटे इकबाल खान की हत्या करना था. योजना के तहत रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड पर एक व्यक्ति, जिसने अपना नाम कृष कुमार सिंह बताया, ने उन्हें एक बैग में दो पिस्टल और जिंदा कारतूस सौंपे थे. इसके बाद दोनों आरोपी बस से धनबाद पहुंचे, जहां बिनोद बिहारी चौक पर पहले से मौजूद बंटी खान और असगर अली ने उन्हें आगे की योजना बतायी. असगर अली ने दोनों को भूली मोड़ स्थित एक बैंक के पास ले जाकर बताया कि इकबाल खान तरावीह की नमाज पढ़ने के लिए केजीएन2 बिल्डिंग के पास आता है, जहां उसे निशाना बनाना है. इसके बाद रेकी शुरू कर दी, लेकिन रात करीब 11:30 बजे स्थानीय लोगों को उन पर शक हो गया और पूछताछ शुरू हो गयी. इसी दौरान दोनों घबराकर वहां से भागने लगे. तभी हैदर अंसारी उर्फ बबली ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया. भागने के क्रम में अलीनगर स्थित एक मैरिज हॉल के पास राकिब गिर गया. जैसे ही बबली उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ा, पीछे से आ रहे इजहार हुसैन ने पिस्टल निकालकर बबली की पीठ में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. इस हमले में बबली गंभीर रूप से घायल हो गया था.
झाड़ियों से बरामद हुआ हथियार
पूछताछ के दौरान इजहार ने पुलिस को बताया कि उसने हथियार को कलाली बगान मस्जिद के पास झाड़ियों में छुपा दिया था. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए. बरामद पिस्टल के मैगजीन में 7.65 बोर के कारतूस पाए गए. हालांकि, आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन भी जब्त किया है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है.
अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी
पुलिस ने बताया कि इजहार व राकिब के जेल जाने के पूर्व अपने साथियों के नाम बताये हैं और दो अन्य प्राथमिकी दर्ज की गयी है अब पुलिस रांची के कृष सहित अन्य को तलाश रही है और उन सभी कि गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










