Dhanbad News: जीटी रोड पर सड़क हादसे में पिकअप वैन चालक की मौत, हंगामा

Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 31 Mar 2026 1:51 AM

विज्ञापन

चतरा से लौटने के दौरान जीटी रोड जोड़ापीपल के पास सड़क पर खड़े ट्रक पर पिकअप वैन ने मारी टक्कर. चालक की मौके पर ही हुई मौत. मुआवजा के लिए ग्रामीणों ने जाम की सड़क.

विज्ञापन

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीटी रोड जोड़ापीपल के पास सोमवार की शाम पिकअप वैन (जेएच 10 डीबी 5342) ने बीच सड़क पर खड़े ट्रक (जेएच 02 बीएक्स 4427) को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में पिकअप वैन चालक बरवाटांड़ (फुलझर) निवासी सोहन महतो ( 24 वर्ष, पिता शहदेव महतो) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार सोहन महतो पिकअप वैन पर बरवाअड्डा से सामान लोड कर चतरा गया था. लौटने के दौरान यह हादसा हो गया. वहीं इस दुर्घटना में वैन का खलासी बाल- बाल बच गया.

ग्रामीणों ने किया हंगामा, एक व्यक्ति को पीटा

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बरवाटांड़ से ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे. इस दौरान किसी ने चालक के ट्रक लेकर भागने की अफवाह फैला दी. ऐसे में गुस्साए ग्रामीण ट्रक की ओर दौड़ पड़े और वहां खड़े एक व्यक्ति को ट्रक चालक समझकर उसकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पहुंचे और उक्त व्यक्ति को ग्रामीणों के चंगुल से बचाया. पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि ट्रक चालक पुलिस की हिरासत में है. जबकि उक्त व्यक्ति निर्दोष है. हंगामा के दौरान ग्रामीण पुलिस से भी उलझ गये थे. उनका कहना था कि नो पार्किंग एरिया में ट्रक खड़ा करने पर अगर पुलिस कार्रवाई करती तो सोहन की जांच बच सकती थी.

माता-पिता के विलाप से गमगीन हुआ माहौल

जानकारी मिलने पर मृतक सोहन महतो की माता-पिता व परिजन भी घटनास्थल पहुंचे और दहाड मारकर रोने लगे. उनके विलाप से माहौल गमगीन हो गया.

लगभग दो घंटे जाम रहा जीटी रोड

ग्रामीणों ने मुआवजा व ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जीटी रोड को जाम कर दिया. ऐसे में जीटी रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इससे लोग परेशान रहे. बाद में थाना प्रभारी रवि कुमार के काफी देर तक समझाने, बुझाने व नियमानुसार मुआवजा दिलवाने का आश्वासन देने के बाद जाम हटा. इस दौरान अपराह्न 4.30 बजे से लेकर 6.21 बजे जाम लगा रहा. पुलिस ने दोनों वाहनों जब्त कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीए धनबाद भेज दिया है.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola