असित मंडल का शव पहुंचने से बेहड़ा में मातम

Updated at : 27 Jul 2024 1:19 AM (IST)
विज्ञापन
असित मंडल का शव पहुंचने से बेहड़ा में मातम

कांवरिया हत्याकांड : पिता के बयान पर अज्ञात पर हत्या का केस, बांका के एसपी पहुंचे घटनास्थल, डॉग स्क्वॉयड व एफएसएल की टीम ने की जांच

विज्ञापन

कांवरिया हत्याकांड : पिता के बयान पर अज्ञात पर हत्या का केसबांका के एसपी पहुंचे घटनास्थल, डॉग स्क्वॉयड व एफएसएल की टीम ने की जांच

बिहार के बांका जिले के कटोरिया के पास गुरुवार को अपराधियों ने कर दी थी हत्या धनबाद जिले के टुंडी के बेहड़ा गांव निवासी कांवरिया असित मंडल हत्याकांड की जांच करने शुक्रवार को बिहार के बांका के एसपी डॉ सत्यप्रकाश घटनास्थल पर पहुंचे. कटोरिया-देवघर मुख्य सड़क मार्ग पर छपरहिया धर्मशाला के ठीक सामने सड़क किनारे से करीब एक सौ मीटर की दूरी पर ही जमीन, घास व सूखे पत्तों पर गिरे खून व घटनास्थल के भौगोलिक क्षेत्र का एसपी ने अवलोकन किया. मौके पर बेलहर एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, कटोरिया इंस्पेक्टर बबलू कुमार, कटोरिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय व पुअनि प्रशांत कुमार को कई दिशा-निर्देश भी दिये. इधर कांवरिया हत्याकांड के सिलसिले में मृत असित के पिता विकास मंडल, ग्राम बेहड़ा थाना टुंडी, जिला धनबाद के बयान पर कटोरिया थाना में अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. जिसमें बताया गया है कि असित मंडल अन्य 13 साथियों के साथ सुल्तानगंज से बाबाधाम की यात्रा कर रहा था. कोल्हुआ गांव के समीप मोबाइल छीनने का विरोध करने पर अपराधियों ने चाकू से गर्दन पर वार कर असित की निर्मम हत्या कर दी.

घटना का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती : असित हत्याकांड से जुड़े रहस्य व राज से पर्दा उठाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है. वैसे तो इस मामले में कथित रूप से मोबाइल छीनने का विरोध करने पर चाकू से प्रहार कर हत्या करने की बात कही गयी है, लेकिन पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी तहकीकात कर रही है. पुलिस टीम ने 48 घंटे के भीतर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा लेने का भी भरोसा दिया है. कटोरिया पुलिस टीम ने शुक्रवार को घटनास्थल के इर्द-गिर्द के कई सेवा शिविरों व दुकानों में घटना के बाबत पूछताछ की.

परिजनों के चीत्कार से माहौल हुआ गमगीन

कटोरिया से टुंडी के बेहड़ा गांव निवासी कांवरिया अभिषेक उर्फ असित मंडल का शव शुक्रवार को घर पहुंचते ही गांव में मातम पसर गया. लोग दहाड़ मार कर रोने लगे. शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी थी. दोपहर के बाद उसका दाह संस्कार गांव के श्मशान घाट पर किया गया. मृतक की मां का रो-रो कर बुरा हाल था. वह कह रही थी कि आखिर क्यों असित जल चढ़ाने गया था. शिव बाबा हमारे बेटे के हत्यारों को सजा जरूर देंगे. इधर, गांव में एक मिलनसार युवक की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है. असित के परिजनों के चीत्कार से पूरी तरह माहौल गमगीन हो गया था. सभी की आंखें नम थीं. परिजनों के अलावा अन्य महिलाएं भी फूट-फूट कर रो रही थी.

गर्दन व पसली पर धारदार चाकू से किया गया था प्रहार

असित मंडल (22 वर्ष) की गर्दन व पसली में दो बार धारदार चाकू से अपराधियों ने प्रहार किया है. गर्दन में चाकू आरपार हो गया है, जबकि पसली से होकर दूसरा वार फेफड़ा तक पहुंच गया है. शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम होने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. विदित हो कि टुंडी के बेहड़ा गांव निवासी कांवरिया अशीत मंडल के साथियों के अनुसार बाथरूम जाने के दौरान ही मोबाइल छीनने का विरोध करने पर चाकू से मारकर हत्या कर दी गयी है. मृतक का मोबाइल भी साथियों के पास से ही मिला है.

जांच के बाद होगा खुलासा : एसपी

इस संबंध में बिहार के बांका के एसपी डॉ सत्य प्रकाश ने कहा कि मोबाइल लूटने के प्रयास में चाकू से प्रहार कर हत्या की बात कही गयी है. पूरे मामले की गहन जांच चल रही है. एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं. अन्य लोगों की गवाही भी ली जायेगी. प्रथम दृष्टया मामला कुछ भी निकल सकता है, जांच के उपरांत हत्याकांड का खुलासा कर दिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola