Dhanbad News : गोविंदपुर : दुर्घटना में महिला समेत दो की मौत, सड़क जाम

Updated at : 13 Feb 2025 1:43 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News : गोविंदपुर : दुर्घटना में महिला समेत दो की मौत, सड़क जाम

Dhanbad News : साहिबगंज रोड पर कुम्हारडीह मोड़ के पास हुआ सड़क हादसा

विज्ञापन

Dhanbad News : गोविंदपुर-साहिबगंज रोड पर कुम्हारडीह मोड़ के पास बुधवार शाम 5:30 बजे सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, वहीं तीन लोग घायल हो गये. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने साहिबगंज रोड चौड़ीकरण कंपनी को जिम्मेदार ठहराते हुए सड़क जाम कर दी और साढ़े तीन घंटे तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिया. रात नौ बजे अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार के निर्देश पर अंचलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार दुबे व पुलिस इंस्पेक्टर रुस्तम अली ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया. हालांकि जाम हटने में रात के 11 बज गये. अधिकारियों ने मृतक के परिवार को सरकारी सुविधाएं देने का आश्वासन दिया है.

बताया जाता है कि पाथुरिया स्थित एक नमकीन फैक्ट्री से काम कर सभी मजदूर घर लौट रहे थे. सभी कुम्हारडीह मोड़ पर टेंपो (जेएच 10एटी 7358) से उतर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक जेएच 10सीडी 8822 ने टेंपो को धक्का मार दिया. इससे टेंपो से उतरी महिला मंजू देवी (45 वर्ष) तथा जयप्रकाश राय (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गयी. ट्रक ने दोनों को बुरी तरह कुचल दिया था.

एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराये गये घायल :

मंजू देवी कुम्हारडीह निवासी कालू रजवार की पत्नी थी. उसको तीन पुत्र और एक पुत्री है. मृतक जयप्रकाश राय रामनगर गोविंदपुर के निवासी थे. उनके परिवार में पत्नी एवं इकलौता पुत्र रविरंजन है. वहीं घायल गीता देवी (35 वर्ष), संदीप कुमार एवं एक अन्य कुमारडीह के रहनेवाले हैं. सभी घायलाें को एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है.

ग्रामीणों ने कंपनी पर लगाये लापरवाही के आरोप :

सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि साहिबगंज रोड चौड़ीकरण में लगी कंपनी द्वारा भारी लापरवाही बरती जा रही है. सुरक्षा का कोई पैमाना नहीं रखा गया है. इसी कारण यह हादसा हुआ. कंपनी ने साहिबगंज रोड की दोनों ओर ऊंचा कर दिया है तथा मुख्य पिच रोड नाली के रूप में परिणत हो गयी है. इस कारण सड़क किनारे जगह नहीं बची है और लोगों को सड़क पार करने, वहां टर्न लेने तथा सवारी गाड़ियों को रोककर सवारी लेने और सवारी उतारने में भारी परेशानी हो रही है. इस कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, परंतु चौड़ीकरण कंपनी सुरक्षा की दिशा में कोई पहल नहीं कर रही है.

सीओ और इंस्पेक्टर के आश्वासन पर हटा जाम :

रात करीब 9:00 बजे झामुमो नेता एजाज अहमद, समीर दे, कौशल यादव, पूर्व मुखिया अनवर अंसारी, जयजीत मुखर्जी, गोविंद राय, धीरज शर्मा, विमल चंद्र दे, मोहन रजवार, बिट्टू झा तथा प्रशासन की ओर से सीओ श्री दुबे एवं पुलिस इंस्पेक्टर के बीच समझौता वार्ता हुआ. इसके तहत दोनों मृतक के परिवारों को प्रधानमंत्री आवास या अबुआ आवास का लाभ दिया जायेगा. अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता दी गयी. दोनों परिवारों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ट्रक मालिक से आर्थिक सहायता, एक भूमिहीन मृतक को आवास के लिए तीन डिसमिल जमीन दिलाने तथा सड़क चौड़ीकरण कंपनी से मुआवजा पर दिलाने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद सड़क जाम हटी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola