Dhanbad News: स्कूल के आसपास तंबाकू व मादक पदार्थों की बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 12 Jun 2026 1:07 AM
Dhanbad News: झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से डीपीएस धनबाद में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध गुरुवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया.
धनबाद, झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से डीपीएस धनबाद में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध गुरुवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. अध्यक्षता अवर प्रमंडल शिक्षा पदाधिकारी ने की. कार्यशाला में झारखंड शिक्षा परियोजना धनबाद अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आशीष कुमार, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक पांडे, शंभू दत्त मिश्रा तथा सहयोगी संस्था सी-3 के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों और उनके आसपास के क्षेत्रों को पूरी तरह नशा मुक्त एवं सुरक्षित वातावरण में परिवर्तित करना है. विद्यालय परिसरों के आसपास मादक पदार्थों की उपलब्धता पर रोक लगाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों ने बताया कि स्कूल परिसर के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों व 500 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के लिए संबंधित नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.
प्रहरी क्लब का होगा गठन
अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आशीष कुमार ने सभी विद्यालयों में ‘प्रहरी क्लब’ के गठन का निर्देश देते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में नशा मुक्ति संबंधी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी. क्लब छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जोखिम वाले बच्चों की पहचान और परामर्श में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
एक्ट की जानकारी दी गयी
मास्टर प्रशिक्षक पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय शिक्षक राजकुमार व मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय जिला स्कूल के शिक्षक विनय कुमार गोराय ने एनडीपीएस एक्ट-1985 के कानूनी प्रावधानों और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी. वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के सामूहिक प्रयास से ही बच्चों को नशे के खतरे से बचाकर स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सकता है.
प्रतियोगिताओं का होगा आयोजनयह भी निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए पेंटिंग, पोस्टर निर्माण, चित्रकला और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों से दो-दो शिक्षक और एक-एक प्राचार्य ने भाग लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










