सीवान में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, पात्र आवेदनों को ऋण देने में आनाकानी पर कार्रवाई की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
बैठक में दिशा निर्देश देते उप विकास आयुक्त | Prabhat Khabar Network

बैठक में दिशा निर्देश देते उप विकास आयुक्त

सीवान में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन को लेकर उप विकास आयुक्त ने समीक्षा बैठक की. पात्र ऋण आवेदनों को खारिज करने वाले बैंकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. योजना के तहत हर विद्युत सेक्शन को 100 नए पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है.

विज्ञापन

Siwan News: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय में उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों, बैंकों और सोलर वेंडरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

पात्र ऋण आवेदन को खारिज करने पर होगी कार्रवाई

उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आने वाले किसी भी पात्र ऋण आवेदन को औपचारिक या तुच्छ कारणों से अस्वीकृत नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी बैंकों को लंबित और पूर्व में अस्वीकृत आवेदनों की दोबारा समीक्षा करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि जांच के बाद योग्य पाए जाने वाले लाभार्थियों को शीघ्र ऋण स्वीकृत किया जाए. अनावश्यक रूप से आवेदन खारिज करने की शिकायत मिलने पर संबंधित बैंक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

हर विद्युत सेक्शन को 100 नए पंजीकरण का लक्ष्य

बैठक में योजना के तहत उपभोक्ताओं के पंजीकरण अभियान में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया. उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ने का निर्देश दिया.

उन्होंने प्रत्येक विद्युत सेक्शन को अगले एक सप्ताह में 100 नए उपभोक्ताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए क्षेत्र में जागरूकता और पंजीकरण अभियान को तेज किया जाए.

मुख्य सचिव स्तर पर हो रही साप्ताहिक समीक्षा

उप विकास आयुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की साप्ताहिक समीक्षा मुख्य सचिव स्तर पर की जा रही है. ऐसे में सभी संबंधित विभाग, बैंक और सोलर वेंडर आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करें.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. संबंधित अधिकारियों को लाभार्थियों को अनावश्यक परेशानी से बचाने और आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए.

बैठक में ये रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में जिले के सभी कनीय एवं सहायक विद्युत अभियंता, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जुड़े सोलर वेंडर मौजूद रहे.

बैठक के अंत में सभी संबंधित पक्षों से बेहतर समन्वय के साथ काम करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने का आह्वान किया गया.

Also Read: सरकारी FIR वापस होगी, लेकिन निजी FIR में फंसे छात्रों का क्या? नेहा बोरा ने बिहार सरकार से की ये मांग


विज्ञापन
मनीष गिरि

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन