Dhanbad News: कोल इंडिया का वार्षिक खेल कैलेंडर जारी, नवंबर में बीसीसीएल करायेगी टेबल टेनिस प्रतियोगिता

Dhanbad News: सितंबर 2026 से जनवरी 2027 तक विभिन्न अनुषंगी कंपनियों में होंगे खेल आयोजन, शतरंज प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा कोल इंडिया मुख्यालय.
धनबाद, कोल इंडिया ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर जारी कर दिया है. सीआइएल मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार सितंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच विभिन्न अनुषंगी कंपनियों और संस्थानों में अंतर-कंपनी खेल प्रतियोगिता होंगी. इस संबंध में सीआइएल के महाप्रबंधक (एचआर/वेलफेयर) ने सभी अनुषंगी कंपनियों, सीएमपीडीआइएल व सिंगरेनी को पत्र जारी कर कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की है. सीआइएल, उसकी अनुषंगी कंपनियों और सिंगरेनी के वेलफेयर विभाग के अधिकारियों की 28 अप्रैल 2026 को हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद इस खेल कैलेंडर को अंतिम रूप दिया गया. सभी कंपनियों को निर्धारित महीनों के अनुसार अपने आंतरिक कार्यक्रमों की योजना बनाने को कहा गया है. खेल कैलेंडर के अनुसार सितंबर 2026 में इसीएल की मेजबानी में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसी माह एनइसी में ब्रिज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. अक्तूबर 2026 में एसइसीएल हॉकी तथा एससीसीएल बॉडी बिल्डिंग, वेट लिफ्टिंग एवं पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा. नवंबर 2026 में बीसीसीएल को टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गयी है. इसी महीने डब्ल्यूसीएल में लॉन टेनिस तथा सीएमपीडीआइएल में वॉलीबॉल प्रतियोगिता होगी. दिसंबर 2026 में सीसीएल फुटबॉल, एसइसीएल कैरम, एमसीएल सांस्कृतिक कार्यक्रम व एनसीएल बैडमिंटन प्रतियोगिता, वर्ष 2027 की शुरुआत में जनवरी माह में एनसीएल की मेजबानी में क्रिकेट प्रतियोगिता होगी, जबकि सीआईएल मुख्यालय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन करेगा. पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सीआइएल और एससीसीएल की सभी अनुषंगी कंपनियों ने एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित करने में असमर्थता जतायी है. इस कारण इस वर्ष के खेल कैलेंडर में एथलेटिक्स को शामिल नहीं किया गया है. सीआइएल प्रबंधन का मानना है कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों में खेल भावना, स्वास्थ्य जागरूकता और आपसी समन्वय को बढ़ावा मिलेगा. विभिन्न कंपनियों के खिलाड़ी इन आयोजनों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










