Patna Traffic Advisory: 30 जुलाई को पटना में बदला रहेगा ट्रैफिक रूट, इन रास्तों पर रहेगी रोक, एडवाइजरी जारी

ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
Patna Traffic Advisory: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद EVM और VVPAT जमा कराने के लिए पटना पुलिस ने 30 जुलाई की शाम के लिए स्पेशल ट्रैफिक प्लान जारी किया है. AN कॉलेज के आसपास कई रास्तों पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. लोगों के लिए वैकल्पिक रूट और पार्किंग की व्यवस्था भी तय की गई है.
Patna Traffic Advisory: पटना पुलिस प्रशासन ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव-2026 में मतदान खत्म होने के बाद ए एन कॉलेज में बनाए गए वज्रगृह में EVM और VVPAT जमा करने के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए डिटेल्ड ट्रैफिक प्लान जारी किया है.
ट्रैफिक एसपी, एसएसपी और पटना के डीएम द्वारा जारी इस आदेश में बताया गया है कि 30 जुलाई को शाम 5:30 बजे से कई प्रमुख रूट पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी.
इस दौरान एम्बुलेंस, अग्निशमन, मरीजों के वाहन, न्यायिक कार्य से जुड़े वाहन और EVM संग्रह कार्य में लगे आपातकालीन वाहनों को छूट दी जाएगी.
प्रतिबंधित मार्ग और सामान्य वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते
आदेश के मुताबिक बोरिंग रोड में मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग होते हुए ए एन कॉलेज से पानी टंकी मोड़ तक सभी प्रकार के सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. इसके साथ ही बोरिंग रोड चौराहा से तपस्या मोड़, ए एन कॉलेज और पानी टंकी मोड़ की तरफ जाने वाले वाहनों का एंट्री भी प्रतिबंधित रहेगा.
इस दौरान बोरिंग रोड क्षेत्र में चलने वाले आम वाहन बेली रोड-बोरिंग रोड क्रॉसिंग से बोरिंग रोड चौराहा होते हुए बोरिंग कैनाल रोड से राजापुर पुल वाले मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे.
कुर्जी मोड़ से बोरिंग रोड की ओर आने वाले सामान्य वाहन पाटलीपुत्रा गोलम्बर तक ही आ सकेंगे, जहां से वे छोटे वाहनों और अन्य वैकल्पिक रूट का रुख कर सकते हैं या साईं मंदिर मोड़ से राजीवनगर ROB के नीचे से जा सकते हैं. कुर्जी मोड़ से पटना जंक्शन जाने वाले वाहन राजापुर पुल, बोरिंग कैनाल रोड, बोरिंग रोड चौराहा और बेली-बोरिंग रोड क्रॉसिंग के रास्ते से आ-जा सकेंगे.
बांकीपुर के लिए निर्धारित रूट
EVM/VVPAT कलेक्ट करने वाली पार्टियों के वाहनों के लिए स्पेशल रूट तय किए गए हैं. इसके तहत गाड़ियां अशोक राजपथ से राजापुर पुल, बोरिंग रोड चौराहा, तपस्या चौक होते हुए ए एन कॉलेज के मुख्य गेट तक पहुंचेंगी. इसके अलावा दूसरा रूट भट्टाचार्या चौराहा से डाकबंगला, बेली-बोरिंग रोड क्रॉसिंग, बोरिंग रोड चौराहा और तपस्या चौक होते हुए ए एन कॉलेज मुख्य गेट तक तय किया गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
EVM जमा करने वालों और आम नागरिकों के लिए पार्किंग व्यवस्था
प्रशासन ने भीड़भाड़ और जाम से बचने के लिए वाहनों की पार्किंग के भी कड़े इंतजाम किए हैं. जिन चालकों को अपने वाहन पार्क करने की आवश्यकता होगी, उन्हें पानी टंकी मोड़ से अटल पथ के सर्विस लेन में कतारबद्ध तरीके से वाहन खड़े करने होंगे या पानी टंकी मोड़ से पाटलीपुत्र सहयोग हॉस्पिटल के सामने स्थित खाली मैदान में पार्किंग कराई जाएगी. एस के पुरी पार्क के सामने स्थित दमदम पार्क में केवल EVM/VVPAT जमा कराने वाले अधिकारियों और कर्मियों के बाइक की पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
इसे भी पढ़ें: अगले 72 घंटे बिहार में जारी रहेगा आंधी-तूफान और झमाझम बारिश का दौर, IMD ने जारी की एडवाइजरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










