Dhanbad News: माल ढुलाई व कमाई में धनबाद मंडल फिर देश में नंबर वन

Updated at : 01 Apr 2026 1:49 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: माल ढुलाई व कमाई में धनबाद मंडल फिर देश में नंबर वन

Dhanbad News: बिलासपुर मंडल 193 मिलियन टन के साथ दूसरे स्थान पर

विज्ञापन

Dhanbad News: माल ढुलाई में इस बार भी धनबाद रेल मंडल ने भारतीय रेल में पहले स्थान का ताज अपने नाम कर लिया है. धनबाद ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 194 मिलियन टन माल ढुलाई किया है. यहीं नहीं माल ढुलाई से आये राजस्व में भी धनबाद मंडल पहले स्थान पर रहा है. वित्तीय वर्ष में धनबाद मंडल ने करीब 25 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है, जो पूरे भारतीय रेलवे में सबसे अधिक है. वहीं 193 मिलियन टन लोडिंग कर बिलासपुर मंडल दूसरे स्थान पर रहा है. राजस्व में भी यह धनबाद मंडल से करीब 100 करोड़ रुपये पीछे है.

धनबाद रेल मंडल ने लगातार चाैथी बार कायम रखी बादशाहत

धनबाद रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में 171.29 मिलियन टन माल ढुलाई कर नया कीर्तिमान स्थापित किया था, जो एक वित्तीय वर्ष में भारतीय रेल के किसी मंडल द्वारा की गई सर्वाधिक माल ढुलाई थी. वहीं बिलासपुर रेल मंडल ने 157.33 मिलियन टन के साथ दूसरा व खुर्दा रेल मंडल ने 155. 33 मिलियन टन ढुलाई कर तीसरा स्थान हासिल किया था. इसके बाद 2023-24 में 188.61 मिलियन टन माल ढुलाई कर दूसरी बार भी धनबाद रेल मंडल पहले स्थान पर था. अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के बीच धनबाद रेल मंडल ने करीब 193.87 मिलियन टन माल ढुलाई की थी. वहीं माल ढुलाई से राजस्व आय में भी धनबाद रेल मंडल पहले नंबर पर है. धनबाद रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में मार्च तक में करीब 27 हजार करोड़ रुपये की आय अर्जित की थी.

2021-22 में दूसरे स्थान पर था धनबाद मंडल

वित्तीय वर्ष 2021-22 में धनबाद मंडल 158.70 मिलियन टन माल ढुलाई कर देश में दूसरे नंबर पर था. जबकि बिलासपुर मंडल 159.55 मिलियन टन ढुलाई के साथ पहले स्थान पर था. इससे पूर्व 2020-21 में भी धनबाद रेल मंडल ने भी 133.60 मिलियन टन का लक्ष्य हासिल किया था.

विज्ञापन
OM PRAKASH RAWANI

लेखक के बारे में

By OM PRAKASH RAWANI

OM PRAKASH RAWANI is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola