Dhanbad News: कृषि बाजार समिति : करोड़ों का कारोबार, फिर भी सिक्यूरिटी गार्ड नहीं

Dhanbad News: व्यवसायी भय के सारे में कर रहे हैं कारोबार, ना कंट्रोल रूम बना और ना ही लगे सीसीटीवी कैमरे
Dhanbad News: झारखंड की राजधानी रांची के बाद दूसरा सबसे बड़ा बाजार समिति बरवाअड्डा (धनबाद) में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की हालत बद से बदतर होती जा रही है. हैरानी की बात यह है कि पिछले साल दिनदहाड़े हुई छिनतई की घटना के बाद भी हालात जस के तस हैं. बाजार समिति में ना कंट्रोल रूम बना और ना ही सीसीटीवी कैमरे लगाये गये. एक साल से सिक्यूरिटी गार्ड भी नहीं है. इससे पूरा परिसर असुरक्षित है.
शाम ढलते ही छा जाता है अंधेरा
पिछले साल व्यवसायी पर हमला के बाद प्रशासन ने त्वरित कदम उठाने का भरोसा दिया था. चेंबर के सहयोग से कंट्रोल रूम और सीसीटीवी लगाने का निर्णय लिया गया था. डीएसपी ने कंट्रोल रूम का शिलान्यास भी किया लेकिन एक साल बीतने के बाद भी निर्माण अधूरा पड़ा है. सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी चिंताजनक है. बाजार समिति की सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं. इससे आवागमन में परेशानी होती है. स्ट्रीट लाइट खराब रहने के कारण शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है. इससे व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
व्यापारियों को नहीं मिल रही सुविधाएं
व्यापारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से दुकान और गोदाम का किराया देते हैं, लेकिन उन्हें कोई सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. मरम्मत और सुरक्षा के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिलता है. इससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है.
क्या कहते हैं समिति के पदाधिकारी
बाजार समिति में कंट्रोल रूम का शिलान्यास किया गया. कुछ काम भी हुआ. बाजार समिति परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरा लगाने की योजना है. कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जायेगी. बाजार समिति में सिक्यूरिटी गार्ड नहीं रहने के कारण भय के साये में व्यवसायी कारोबार कर रहे हैं.
जितेंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष बाजार समिति चेंबर
विपणन बोर्ड के स्तर से गार्ड की नियुक्ति होती है. बोर्ड को बार पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक सिक्यूरिटी गार्ड बहाल नहीं किया गया है. लोकल स्तर पर गार्ड रखने के लिए अलग से बजट तैयार किया जा रहा है. बोर्ड में बजट भेजा जायेगा. बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही गार्ड रखा जायेगा.विपुल कुमार सिंह, सचिव बाजार समितिB
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




