धनबाद में कार ने छीनी मासूम की जिंदगी: पिता के सामने 2 साल की बेटी कुचली गयी, छाया मातम

दो साल की मासूम कृषा साहा, जिनकी मौत हुई है: Pic Credit- Prabhat Khabar
Dhanbad Accident: धनबाद के गोविंदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. इस घटना में दो वर्षीय मासूम कृषा साहा की कार की चपेट में आने से मौत हो गयी है. इससे इलाके में मातम पसर गया है. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग तेज कर दी है.
Dhanbad Accident, धनबाद (अजीत कुमार दुबे): धनबाद के गोविंदपुर बाजार स्थित जीटी रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम कृषा साहा की मौत हो गयी. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृत बच्ची गोविंदपुर बाजार निवासी व्यवसायी कृष्णा साहा के पुत्र अंकित साहा की एकलौती संतान थी. बताया गया कि सोमवार सुबह अंकित अपनी बेटी कृषा को लेकर दूध लाने निकले थे. दूध लेकर लौटने के दौरान विलेज रोड क्रॉसिंग के पास वे सड़क पार कर ही रहे थे कि दिल्ली लेन की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार (जेएच 01 एफए 8567) ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया.
पिछला चक्का बच्ची के सिर पर चढ़ा
कार की पिछला चक्का बच्ची के सिर पर चढ़ गया. हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पिता अंकित बाल-बाल बच गये. हादसे को देखकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और घायल बच्ची को सबसे पहले गोविंदपुर में स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, वहां से असर्फी अस्पताल और फिर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के बाद शव को लाया गया घर
पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर लाया गया, तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया. साहा मार्केट और आसपास की सभी दुकानें शोक में बंद कर दी गयी. बताया गया कि बच्ची के दादा-दादी बेंगलुरु में थे और उनके लौटने के बाद शाम के वक्त अंतिम संस्कार संपन्न किया गया. हादसे के बाद से बच्ची के माता-पिता बार-बार बेहोश हो रहे हैं.
कार डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रचार्य अजीत कुमार पांडेय की
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है. यह कार डीएवी पब्लिक स्कूल कुसुंडा के प्राचार्य अजीत कुमार पांडेय की बताई गई है. वे देवघर से लौट रहे थे, उसी दौरान यह घटना हुई. अंकित साहा के लिखित बयान पर गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
भाजपा नेता ने आक्रोशित भीड़ को कराया शांत
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि गोविंदपुर में फुट ओवर ब्रिज का निर्माण हुआ होता, तो इस तरह की घटना नहीं होती. समाजसेवी शरत दुदानी, नंदलाल अग्रवाल, अधिवक्ता जया कुमार, चेंबर अध्यक्ष राजेश दुदानी सहित कई लोगों ने कृष्णा साहा के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद चालक ने कार रोक दी. इससे पहले की आक्रोशित भीड़ कुछ अनहोनी करती भाजपा नेता बलराम साव ने मौके पर पहुंच भीड़ को शांत कराया.
Also Read: जमशेदपुर में ओला सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी गाड़ियों में अचानक लगी आग, चार जलकर खाक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










