धनबाद के लोयाबाद के वार्ड नंबर आठ की मतदान पर्ची में गड़बड़ी, कई वोटरों ने कर दिया वोट
धनबाद के लोयाबाद में बैलेट पेपर में गड़बड़ी बताने वाले मतदाता भोला विश्वकर्मा (बाएं) और मतदान केंद्र पर वोटिंग के लिए लगी कतार. फोटो: प्रभात खबर
Dhanbad Election: झारखंड में धनबाद के लोयाबाद वार्ड 8 में मतदान के दौरान बैलेट पेपर में गड़बड़ी सामने आई है, जहां वार्ड 9 की गलत पर्ची से वोट डाले गए. कई मतदाताओं के वोट पड़ने के बाद मामला उजागर हुआ. प्रशासन ने जांच के आदेश देते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
लोयाबाद से कुणाल चौरसिया की रिपोर्ट
Dhanbad Election: धनबाद के लोयाबाद नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 में सोमवार को मतदान के दौरान बड़ी गड़बड़ी सामने आई. बूथ संख्या 8/5 (एकड़ा प्राथमिक विद्यालय) और 8/8 (बासुदेव गांधी स्मृति उच्च विद्यालय) में वार्ड 8 की जगह वार्ड 9 की मतदान पर्ची से वोट डलवाए जाने पर मतदाताओं ने हंगामा कर दिया.
आपके शहर में
मतदाता भोला विश्वकर्मा ने पकड़ी गलती
भोला विश्वकर्मा नामक मतदाता ने बताया कि जब वह मतदान करने पहुंचे तो बैलेट पेपर में चुनाव चिन्ह तो सही था, लेकिन प्रत्याशी का नाम गलत अंकित था. उन्होंने तुरंत आपत्ति जताई. इसके बाद कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया रोकनी पड़ी. जानकारी के अनुसार, उस समय तक 37 मतदाता गलत बैलेट पेपर पर मतदान कर चुके थे. हालांकि बैलेट पेपर में क्रम संख्या 1 से 11 तक वार्ड 8 अंकित था, लेकिन 12 से 37 तक वार्ड 9 लिखा हुआ था.
दूसरे बूथ पर भी सामने आई गड़बड़ी
एकड़ा मध्य विद्यालय स्थित बूथ पर भी यही गलती पकड़ी गई. वहां भी वार्ड 9 की पर्ची से मतदान कराया जा रहा था. गलती सामने आने तक 14 मतदाता वोट डाल चुके थे. इसके बाद संबंधित बैलेट पेपर से मतदान तत्काल रोक दिया गया.
क्या कहते हैं पीठासीन पदाधिकारी
बूथ संख्या 8/8 के पीठासीन पदाधिकारी विश्वजीत मांजी ने बताया कि 50-50 के दो बंडल बैलेट पेपर में इस तरह की गड़बड़ी पाई गई है. उन्होंने कहा कि वार्ड 8 के बैलेट पेपर के बंडल में वार्ड 9 की पर्ची पंच हो जाने के कारण यह स्थिति पैदा हुई. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शुरुआत में ही वार्ड 9 अंकित पर्ची सामने आ जाती तो उस पर मतदान नहीं होने दिया जाता.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के आदित्यपुर और जामताड़ा में सुबह नौ बजे तक सबसे अधिक मतदान, डोमचाच-कोडरमा में बूथ खाली
गड़बड़ी की जांच के आदेश
निर्वाची पदाधिकारी सह बाघमारा बीडीओ लक्ष्मण यादव ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट की ओर से सूचना दी गई है. मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित करने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि इस घटना ने मतदान व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में नगर निगम चुनाव के दौरान प्रत्याशी समर्थकों में झड़प, बूथ पर मची अफरा-तफरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए