झारखंड निकाय चुनाव संपन्न: कई जिलों में 60% से अधिक वोटिंग, साहेबगंज टॉप पर तो धनबाद रहा पीछे

सरायकेला के कपाली नगर परिषद में मतदाताओं की लगी लंबी कतार
Jharkhand Municipal Election 2026: झारखंड नगरपालिका चुनाव 2026 का मतदान संपन्न हो गया है. शाम 5 बजे तक साहेबगंज 66.34% के साथ सबसे आगे रहा, जबकि पाकुड़ और सरायकेला में भी मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया. धनबाद में वोटिंग थोड़ी कम रही. जानें अपने जिले का सटीक प्रतिशत.
Jharkhand Municipal Election 2026, रांची : झारखंड में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत मतदान का दौर सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. शाम 5 बजे तक आये आंकड़ों के अनुसार राज्य के कई जिलों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई. कई निकायों में मतदान प्रतिशत 60 के पार पहुंच गया, जिससे प्रशासन उत्साहित नजर आया. शाम 5 बजे तक साहेबगंज जिला मतदान के मामले में शीर्ष पर रहा. नगर परिषद साहेबगंज, नगर पंचायत राजमहल और बरहरवा को मिलाकर जिले का औसत मतदान 66.34 प्रतिशत दर्ज किया गया. इसी के बेहद करीब पाकुड़ जिला रहा, जहां कुल मतदान प्रतिशत 66.30 प्रतिशत दर्ज किया गया.
सरायकेला-खरसावां जिले का मतदान प्रतिशत 62.77 फीसदी
सरायकेला-खरसावां जिले में भी मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद को मिलाकर जिले का औसत मतदान 62.77 प्रतिशत रहा. वहीं, देवघर जिले में देवघर नगर निगम और मधुपुर नगर परिषद को मिलाकर औसत मतदान 60.21 प्रतिशत दर्ज किया गया.
Also Read: निकाय चुनाव के दौरान बोकारो में खूनी संघर्ष: चास SDPO पर हमला, फर्जी वोटिंग रोकने पर भड़की भीड़
पश्चिमी सिंहभूम का मतदान प्रतिशत 60.01 फीसदी
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर और चाईबासा नगर परिषद क्षेत्रों को मिलाकर औसतन 60.01 प्रतिशत मतदान हुआ. दूसरी ओर धनबाद जिले में मतदान अपेक्षाकृत कम रहा. धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद को जोड़कर यहां औसत मतदान 53.99 प्रतिशत दर्ज किया गया. राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में इस बार मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गयी है.
Also Read: पहले मतदान फिर कन्यादान, सरायकेला में वोट डालने के बाद हुई कुमकुम की विदाई
चतरा में 68.88 प्रतिशत मतदान, शांतिपूर्ण संपन्न
चतरा में 7:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई. निर्धारित समय तक कुल 68.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं. महिला, पुरुष एवं युवा मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया. लोकतंत्र के इस महापर्व में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही. निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई थी.
लातेहार में समय के साथ बढ़ता रहा मतदान प्रतिशत
लातेहार शहर के लोगों ने शहर की सरकार बनाने के लिए जमकर मतदान किया. नगर पंचायत के चुनाव में समय के साथ मतदान का प्रतिशत बढ़ता रहा. सुबह में सभी मतदान केंद्रो पर मतदाताओ की संख्या कम थी, लेकिन समय के साथ लोग अपने घरों से निकले और शहर की सरकार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सुबह 7 बजे से शहर के सभी 22 मतदान केंद्रो में मतदान प्रारंभ हो गया था. सुबह 7 बजे से 9 बजे तक 12.4 प्रतिशत मतदान हुआ. जबकि 9 से 11 बजे तक 27.1 प्रतिशत, 11 से 1 बजे तक 41.99 प्रतिशत, 1 से 3 बजे तक 55 प्रतिशत और 3 से 5 बजे तक 66.12 प्रतिशत मतदान हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




