Dhanbad News: मुनीडीह में एक और शव बरामद, जीएम समेत कई पर प्राथमिकी

Updated at : 07 Apr 2026 1:24 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: मुनीडीह में एक और शव बरामद, जीएम समेत कई पर प्राथमिकी

बंद कैप्टिव पावर प्लांट में क्लोरीन गैस के रिसाव का मामला. हादसे में मारे गये लोगों की संख्या चार हुई

विज्ञापन

मुनीडीह स्थित बंद कैप्टिव पावर प्लांट (सीपीपी) में शनिवार की रात हुए क्लोरीन गैस रिसाव में सोमवार को एक और शव मिलने से सनसनी फैल गयी. इसी के साथ हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गयी है. सोमवार सुबह वसीम अंसारी (35) का शव प्लांट की चहारदीवारी से करीब 20 मीटर दूर झाड़ियों में बरामद किया गया. शव के पास से पानी की बोतल भी मिली है. वसीम केंदुआ पांच नंबर स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था और मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया (दुबड़ा) का निवासी था. इससे पहले रविवार को केंदुआ पांच नंबर निवासी संजय यादव, आनंद ताम्रकार तथा कंचनपुर जोड़ापोखर (झरिया) के अजहरुद्दीन की मौत घटना के कुछ घंटों के भीतर ही हो गयी थी. इस बीच, गैस रिसाव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मुनीडीह ओपी के एएसआइ लालधारी रजक की शिकायत पर बीसीसीएल के मुनीडीह एरिया के जीएम समेत आधा दर्जन कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. महाप्रबंधक, सीआइएसएफ के अधिकारी समेत तीन जवानों, बीसीसीएल एवं आउटसोर्सिंग के एक-एक कर्मी पर साक्ष्य छुपाने के आरोप लगाये गये हैं. वहीं सीपीपी में घुसकर लोहा चोरी करने को लेकर छह नामजद और पांच-छह अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

इन्हें बनाया गया है आरोपित

सीआइएसएफ के अधिकारी दर्शन सिंह, जवान ज्ञान सिंह राजपूत, विपिन कुमार, बीसीसीएलकर्मी पूना बाउरी, आउटसोर्सिंग कर्मी दुनियालाल सिंह, मो मुख्तार, मो इब्राहिम के अलावा मृतक संजय यादव, मो अजहरुद्दीन, आनंद ताम्रकार, मो वसीम हैं. वहीं, कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने कांड संख्या-33/2026 पर बीएनएस की धारा 331(04)/ 305(ए)/61/62/ 338 के तहत मामला दर्ज किया है.

प्लांट की दीवार से करीब 20 मीटर दूर झाड़ियों में था वसीम का शव

एएसआइ लालधारी रजक ने अपनी शिकायत में कहा है कि बंद प्लांट में शनिवार की रात करीब 12 बजे लोहा चोरी के दौरान क्लोरीन भरी टंकी काटते समय गैस रिसाव हुआ. इससे अब तक चार अपराधी प्रवृत्ति के युवकों की मौत हो चुकी है. सोमवार सुबह वसीम अंसारी (35) का शव सीपीपी की चहारदीवारी से लगभग 20 मीटर दूर झाड़ियों में मिला. पास में पानी की बोतल रखी थी. वसीम केंदुआ पांच नंबर स्थित अपनी ससुराल में रहता था. पुलिस ने घटनास्थल से पांच लीटर के तीन लाल सिलिंडर, गैस कटर के अलावा दो ऑक्सीजन सिलिंडर, एक गैंता, दो कुदाल और एक थैला बरामद किया है.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

ASHOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola