मॉब वायलेंस : बच्चा चोर की अफवाह के बाद बेकाबू हो जा रहे ग्रामीण
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 07 Sep 2019 9:24 AM
निरसा/चिरकुंडा : थाना क्षेत्र की निरसा मध्य पंचायत की श्यामपुर पहाड़ी बस्ती में गुरुवार की देर रात बच्चा चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने अर्द्धविक्षिप्त प्रथम सिंह (55) को बुरी तरह पीट दिया. धनबाद स्थित पीएमसीएच ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल निरसा पुलिस इंस्पेक्टर ऑफिस से महज 100 मीटर […]
निरसा/चिरकुंडा : थाना क्षेत्र की निरसा मध्य पंचायत की श्यामपुर पहाड़ी बस्ती में गुरुवार की देर रात बच्चा चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने अर्द्धविक्षिप्त प्रथम सिंह (55) को बुरी तरह पीट दिया. धनबाद स्थित पीएमसीएच ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटनास्थल निरसा पुलिस इंस्पेक्टर ऑफिस से महज 100 मीटर की दूरी पर है. यहां निरसा पुलिस को पहुंचने में चार घंटे लग गये. तब तक बुरी तरह घायल प्रथम तड़पता रहा. पुलिस ने उसे इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा. कहा जा रहा है कि प्रथम सिंह देर रात पहाड़ी बस्ती निवासी राजकुमार भुइयां की खिड़की से ताक-झांक कर रहा था.
उसकी पत्नी गीता देवी के हो-हल्ला करने पर ग्रामीणों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया. घटना के समय वह नाइटी पहने था और छाती पर बैलून लगा रखा था. उसके पास मौजूद झोला में हंसुआ, चॉकलेट, मकई, पानी की बोतल, चावल व गुड़ाखू मिला है. मृतक निरसा थाना क्षेत्र के रांगामटिया गांव का रहने वाला था. एसडीपीओ विजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि मारपीट में शामिल सात लोगों को हिरासत में लिया गया है.
पुलिस ने तीन की बचायी जान : निरसा-चिरकुंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर बच्चा चोर समझकर तीन विक्षिप्तों की पिटाई कर दी गयी. पहली घटना बेलचढ़ी की है. यहां मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को लोग पीट रहे थे, जिसे पुलिस बचा कर लायी. व्यक्ति ने अपना नाम महेंद्र सिंह, कठबारी, औरंगाबाद, बिहार बताया. पुलिस ने उससे मोबाइल नंबर लेकर उसके परिजनों से संपर्क किया.
वहीं चिरकुंडा थाना क्षेत्र के नदी धौड़ा में दोपहर बाद दो विक्षिप्तों को स्थानीय लोगों ने बच्चा चोर समझ कर पीट दिया. सूचना पर चिरकुंडा थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह सदल-बल पहुंचे और दोनों को भीड़ से बचा कर अपने कब्जे में लिया. मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति ने अपना नाम सूरज नंदन यादव, मुजफ्फरपुर बताया, जबकि दूसरा व्यक्ति कुछ बोल पाने में भी असमर्थ है.
देवरी में बच्चा चोर के शक पर युवक को पीटा, जख्मी
देवरी. बच्चा चोर के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक को पीट दिया. घटना देवरी थाना क्षेत्र की सिकरुडीह पंचायत के डोंगासेर जंगल के पास शनिवार की शाम चार बजे घटी. बाद में कुछ ग्रामीणों ने भीड़ से उसे बचाया और सिकरुडीह लाकर देवरी पुलिस सूचना दी.
युवक की पहचान गावां थाना क्षेत्र के नगवां (माल्डा) गांव के गौतम कुमार चौधरी के रूप में हुई है. युवक के मुताबिक वह देवरी थाना क्षेत्र के ढेंगाडीह स्थित अपने फूफा के घर आया हुआ था. वाहन का किराया नहीं रहने के कारण पैदल ही अपने गांव लौट रहा था. इसी क्रम में डोंगासेर के पास बच्चा चोर कह कर ग्रामीणों ने पकड़ लिया.लाठी व पत्थर से मारपीट कर घायल कर दिया.
बच्चा चोर के संदेह में पिटाई मामले में सौ पर केस
गावां प्रखंड स्थित खरसान पंचायत के गड़गी में बच्चा चोर के संदेह में केबल कर्मियों की पिटाई मामले में गावां थाना में सौ अज्ञात लोगों पर गुरुवार की देर रात प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी पिटाई से जख्मी केबल कर्मी जयशंकर प्रसाद के आवेदन पर दर्ज की गयी है. हमला करनेवाले लोगों की पहचान के लिये थाना प्रभारी पुरुषोतम कुमार के नेतृत्व में टीम ने पूरी घटना की जानकारी ली है और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी ली जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










