धनबाद : पुलिस की तैयारी पर भारी पड़ी रघुकुल की चालाकी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 01 Dec 2018 9:47 AM
धनबाद : एक्शन, ड्रामा और हंगामा. तीनों ही चीजें शुक्रवार को कोर्ट रोड से लेकर जेल गेट तक देखने को मिला. इस सबके कारण तीन घंटे तक कोर्ट रोड में गतिविधियां बढ़ी रही. सुबह से ही यह सूचना फैल गयी थी कि रंजय सिंह हत्याकांड में हर्ष सिंह सरेंडर करने वाले हैं. कोर्ट खुलते ही […]
धनबाद : एक्शन, ड्रामा और हंगामा. तीनों ही चीजें शुक्रवार को कोर्ट रोड से लेकर जेल गेट तक देखने को मिला. इस सबके कारण तीन घंटे तक कोर्ट रोड में गतिविधियां बढ़ी रही.
सुबह से ही यह सूचना फैल गयी थी कि रंजय सिंह हत्याकांड में हर्ष सिंह सरेंडर करने वाले हैं. कोर्ट खुलते ही सुबह 10 बजे के आसपास रघुकुल समर्थक कोर्ट परिसर में जुटने लगे थे. पुलिस भी कोर्ट खुलने के पहले से ही वहां पहुंच चुकी थी.
सबकी निगाहें कोर्ट परिसर में पहुंचने वाले बड़े वाहनों पर थी. पुलिस जहां किसी भी हाल में हर्ष को गिरफ्तार करना चाहती थी, वहीं रघुकुल समर्थकों की चाल थी कि किसी भी सूरत में हर्ष को पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ने देना है. रघुकुल की तरफ से सबसे पहले अभिषेक सिंह अकेले पहुंचे. उनके वाहनों को देखते ही पुलिस व समर्थक उनकी गाड़ी की ओर बढ़े. लेकिन, गाड़ी में कोई अन्य नहीं था. अभिषेक कोर्ट में अपने अधिवक्ता के सिरिस्ता में जाकर बैठ गये.
न्यायालय पर है पूरा भरोसा : अभिषेक
हर्ष सिंह के मौसेरे भाई एवं कांग्रेस नेता अभिषेक सिंह ने कहा है कि कोर्ट पर उन लोगों को पूरा भरोसा है. इसलिए हर्ष सिंह ने सरेंडर किया है.
रघुकुल के चार समर्थकों ने भी किया सरेंडर
धनबाद. हर्ष सिंह के साथ शुक्रवार को चार रघुकुल समर्थकों अलग-अलग कोर्ट में सरेंडर किया. सभी को कोर्ट ने जेल भेज दिया. रघुकुल समर्थक लोदना के राजू खान, झरिया के विनय यादव, बरवाअड्डा के भोपाली सिंह तथा भूली के लक्ष्मण कुमार ने अलग-अलग कोर्ट में सरेंडर किया. सभी को जेल भेज दिया गया. माना जा रहा है कि जेल में हर्ष सिंह के साथ रहने के उद्देश्य से ही इन चारों ने अलग-अलग केस में सरेंडर किया है. हालांकि रघुकुल के अभिषेक सिंह ने कहा कि उन्हें किसी समर्थक के सरेंडर करने की सूचना नहीं है. धनबाद, झरिया में उनके परिवार के बहुत समर्थक हैं.
29 जनवरी 2017 : चाणक्य नगर मोड़ पर रंजय सिंह की सरेशाम बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी
एक फरवरी 2017 : रंजय सिंह के साथ स्कूटी पर सवार चश्मदीद राजा यादव ने मामा का स्कैच बनावकर उसकी पहचान की.
दो फरवरी 2017: विधायक संजीव सिह के करीबी निखिलेश सिंह उर्फ गुड्डू को दूसरे शूटर से चेहरा मिलने के शक में पुलिस ने हिरासत में लिया.
एक दिसंबर 2017 : पुलिस ने हर्ष सिंह को मामा के बारे में और रंजय हत्याकांड में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.
2 मई 2018 : आरा के भकूरा में अपनी भांजी की शादी में पहुंचे मामा उर्फ बबलू सिंह, उर्फ रुना सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार करने की कोशिश की. उसमें मामा के समर्थकों ने पुलिस पर हमला किया और मामा फरार हो गया.
2 अगस्त 2018 : भोजपुर बेरथ से मामा को पुलिस ने गिरफ्तार किया. मामा अपने बच्चे को स्कूल पहुंचाने गया हुआ था.
31 अगस्त 2018 : हर्ष सिंह के धैया स्थित आवास पर पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया.
30 नवंबर 2018: हर्ष सिंह ने नाटकीय ढंग से धनबाद कोर्ट में किया सरेंडर.
धनबाद : हंगामा करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई : एसएसपी
धनबाद : हर्ष के जेल जाने के बाद डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह समर्थकों के साथ जेल गेट पर ही धरना देने बैठ गये. वह लोग अंदर तक जाने की जिद कर रहे थे. हालांकि बाद में गेट के अंदर एकलव्य सिंह को जाने की इजाजत दी गयी. करीब 15 मिनट तक समर्थक गेट पर जमे रहे. इस दौरान समर्थक जम कर पुलिस के खिलाफ नारा लगा रहे थे. बाद में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मुकेश कुमार की चेतावनी के बाद सभी वहां से उठे. इस मामले में एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि जेल गेट पर हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. चिह्नित किया जा रहा है.
गिरते-पड़ते कोर्ट पहुंचे हर्ष सिंह
सीजीएम कोर्ट के पास गाड़ी से उतरते ही हर्ष गिर पड़े. वहां मौजूद सरायढेला थाना प्रभारी निरंजन तिवारी उनकी ओर लपके. तब तक हर्ष के समर्थकों ने उसे धक्का देते हुए सीजीएम कोर्ट गेट के अंदर धकेल दिया. थाना प्रभारी से भी धक्का-मुक्की हुई. सीजीएम कोर्ट कैंपस में भी हर्ष गिरे. फिर उठे और तेजी से सीजीएम कोर्ट के अंदर घुस गये. बाहर हल्ला-हंगामा होता रहा.
कब क्या हुआ
पूर्वाह्न 9.30 बजे: सरायढेला पुलिस के अधिकारी, जवान सादे लिबास में कोर्ट पहुंचे.
पूर्वाह्न 10 बजे : बड़ी संख्या में रघुकुल समर्थकों का कोर्ट परिसर में जुटान शुरू.
पूर्वाह्न 11.15 बजे : अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू कोर्ट पहुंचे.
पूर्वाह्न 11.35 बजे : डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह लाव लश्कर के साथ आये.
पूर्वाह्न 11.50 बजे : हर्ष सिंह कोर्ट पहुंचे.
अपराह्न 12.10 बजे : कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया. डीएसपी (विधि-व्यवस्था) भी पहुंचे.
अपराह्न 12.45 बजे : कोर्ट ने हर्ष को जेल भेजा. समर्थकों के साथ जेल गेट तक गये. एक बजे के करीब उन्हें जेल के अंदर भेज दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










