Deoghar News : कस्टमर अधिकारी बनकर करते थे साइबर ठगी, छह गिरफ्तार

Published by : ASHISH KUNDAN Updated At : 08 May 2025 8:03 PM

विज्ञापन

विभिन्न कंपनियों के कस्टमर अधिकारी बनकर लाभुकों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ साइबर थाने की पुलिस ने किया है. इस मामले में छह युवकों को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर : विभिन्न कंपनियों के कस्टमर अधिकारी बनकर लाभुकों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ साइबर थाने की पुलिस ने किया है. इस मामले में छह युवकों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन सहित छह सिमकार्ड व तीन प्रतिबिंब सिम कार्ड बरामद किये गये हैं. गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर सभी को कोर्ट में पेश कराया गया और कोर्ट के निर्देश पर आरोपितों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

पुलिस मीडिया सेल से दी गयी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में पालोजोरी थाना क्षेत्र के डुमरकोला गांव निवासी सोनू कुमार मंडल सहित सुमित कुमार मंडल, अंशु कुमार मंडल, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के बिंझा गांव निवासी पिंटू कुमार दास, सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी रितेश दास व गोबरशाला गांव निवासी अनिल दास शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित लाभुकों को कॉल कर उनके खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी प्राप्त करते थे और फिर उनके खाते से पैसे उड़ा लेते थे. इसके अलावा वे लोग पीएम किसान योजना का फर्जी लिंक भेजकर और बैंक सहित सरकारी अधिकारी बनकर फर्जी सिमकार्ड से कॉल कर ग्राहकों को झांसे में लेने के पश्चात बैंक डिटेल्स लेकर ठगी करते हैं. जब्त मोबाइल नंबरों की जांच करने पर पता चला कि तीन आरोपितों के मोबाइल नंबरों के खिलाफ प्रतिबिंब एप व तीन आरोपितों के मोबाइल नंबरों के विरुद्ध जेएमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज हैं. साइबर थाने की गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पालोजोरी थानांतर्गत फूलजोरी पहाड़ के पहाड़गोड़ा के समीप झाड़ियों में छापेमारी कर इन आरोपितों को गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ है. छापेमारी टीम में साइबर थाने के इंस्पेक्टर कृष्णदत्त झा सहित एसआइ अजय कुमार व सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे.

ठगी के पैसे से एक आरोपित ने बनाया है आलीशान मकान

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक आरोपित ने ठगी के पैसे से लाखों का आलीशान मकान बनाया है. हालांकि उसके वैध आय के स्रोत कोई नहीं है, फिर भी उसने इतने सारे पैसे कहां से लाकर घर में लगाया. इस बिंदु पर पुलिस गोपनीय जांच करने में जुटी है. सूत्रों से मानें तो आरोपित रोजाना अलग-अलग प्रांत के लोगों को जाल में फंसाकर लाखों की ठगी करता है.

हाइलाइट्स

-आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में किया पेश, भेजा जेल

-छह मोबाइल फोन सहित छह सिमकार्ड व तीन प्रतिबिंब सिम बरामद

-पालोजोरी थानांतर्गत फूलजोरी पहाड़ के पहाड़गोड़ा के समीप झाड़ियों में पुलिस ने गुप्त सूचना पर की छापेमारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ASHISH KUNDAN

लेखक के बारे में

By ASHISH KUNDAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola