17 सेकंड में नेपाल के फाइटर को किया नॉकआउट, गोड्डा के देवगन मरांडी ने इंटरनेशनल MMA में रचा इतिहास

रिंग में जितने के बाद देवगन मरांडी | Prabhat Khabar Network
गोड्डा के 22 वर्षीय देवगन मरांडी ने प्रोफेशनल इंटरनेशनल MMA फाइट में नेपाल के खिलाड़ी को सिर्फ 17 सेकंड में नॉकआउट कर दिया. राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके देवगन का लक्ष्य अब UFC है.
देवघर/गोड्डा से संजीत मंडल/निरभ किशोर की रिपोर्ट
गोड्डा के छोटे से गांव नीमा कला के 22 वर्षीय युवक देवगन मरांडी ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट (MMA) में देश का नाम रोशन किया है. कोलकाता में आयोजित प्रोफेशनल इंटरनेशनल एमएमए फाइट में देवगन ने नेपाल के खिलाड़ी सुनील पहन को महज 17 सेकंड में नॉकआउट कर शानदार जीत दर्ज की. 65 किलोग्राम फेदरवेट कैटेगरी में उतरे देवगन ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में ऐसी आक्रामक शुरुआत की कि मुकाबला निर्धारित तीन मिनट तक भी नहीं चल सका. जीत के बाद गांव लौटे देवगन का ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ हीरो की तरह स्वागत किया.
राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखा चुके हैं प्रतिभा, अब यूएफसी लक्ष्य
देवगन मरांडी अब तक 14 एमएमए मुकाबलों में हिस्सा ले चुके हैं, जिसमें उन्होंने 11 में जीत हासिल की है. दिल्ली से शुरू हुई उनकी खेल यात्रा ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया. रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगातार तीन मुकाबले जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की. अब उनका लक्ष्य दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित एमएमए संस्था यूएफसी में खेलना और भारत का प्रतिनिधित्व करना है.
देवगन कहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और आर्थिक सहयोग की जरूरत है. यदि सरकार या कंपनियां सहयोग करें, तो झारखंड से भी एमएमए का बड़ा नाम निकल सकता है.
इसीएल प्रभावित परिवार से आते हैं देवगन, पिता ने संघर्ष कर दिलाया प्रशिक्षण
देवगन मरांडी राजमहल कोल परियोजना, ईसीएल प्रभावित नीमा कला गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता संझला मरांडी ईसीएल में नौकरी मिलने के बाद चार साल पहले सेवानिवृत्त हुए हैं. आठ भाई-बहनों में चौथे स्थान पर रहने वाले देवगन की शुरुआती पढ़ाई बेथेल मिशन स्कूल से हुई. इसके बाद उन्होंने भागलपुर से 12वीं की पढ़ाई पूरी की.
दिल्ली में एनडीए की तैयारी के दौरान उन्होंने एमएमए की दुनिया को करीब से जाना और इस खेल के प्रति आकर्षित हुए. इसके बाद दिल्ली के हाउस ऑफ ग्लेडिएटर अकादमी में दाखिला लेकर तीन वर्षों तक कठिन प्रशिक्षण लिया. इस दौरान उन्होंने रेसलिंग, बॉक्सिंग, ब्राजीलियन जिउ-जित्सु और किक बॉक्सिंग जैसी विधाओं में महारत हासिल की.
20 हजार रुपये मासिक खर्च, सीमित संसाधनों में तय किया सफर
देवगन बताते हैं कि प्रशिक्षण के दौरान हर महीने करीब 20 हजार रुपये फीस, रहने और अन्य जरूरतों पर खर्च होते थे. आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं होने के कारण कई बार उन्हें मन मुताबिक भोजन और सुविधाएं भी नहीं मिल पाती थीं, लेकिन उन्होंने मेहनत और हौसले के दम पर अपनी पहचान बनायी. अब देवगन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने के लिए स्पॉन्सर की तलाश है. उनका कहना है कि ईसीएल राजमहल परियोजना या राज्य सरकार मदद करे, तो वह झारखंड का नाम विश्व स्तर पर स्थापित कर सकते हैं.
मदद के लिए उठी आवाज, सरकार और इसीएल से सहयोग की मांग
परियोजना क्षेत्र के मजदूर नेता मिस्त्री मरांडी ने सरकार और इसीएल प्रबंधन से देवगन जैसे प्रतिभावान युवा को सहयोग देने की मांग की है. वहीं बेथेल मिशन स्कूल के प्राचार्य अन्ना मार्क और राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष पी. सोलोमन से मुलाकात कर देवगन ने अपनी स्थिति रखी. पी. सोलोमन ने सरकार के समक्ष सहयोग की बात रखने का भरोसा दिया है. गांव का यह युवा अब रिंग से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने की तैयारी में है. जरूरत है तो सिर्फ उस हाथ की, जो उसकी प्रतिभा को सही मंच तक पहुंचा सके.
देवगन मरांडी ने कहा
गोड्डा के ललमटिया निवासी MMA खिलाड़ी देवगण मरांडी ने कहा कि उनकी अंतरराष्ट्रीय फाइट तक की यात्रा पिता के भरोसे से संभव हुई. ईसीएल कर्मी पिता की पेंशन से उनकी ट्रेनिंग, डाइट और अन्य खर्च पूरे होते रहे. तीन साल तक करीब 25 हजार रुपये प्रतिमाह खर्च के बावजूद परिवार ने उनका साथ दिया. अब देवगण को आगे की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए आर्थिक सहयोग की जरूरत है. उन्होंने ईसीएल और क्षेत्र के लोगों से मदद की अपील करते हुए कहा कि सहयोग मिलने पर वह देश और झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें- जनता के हितों के आगे झुक गए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, 24 घंटे के अंदर खुला गुमला नगर परिषद का ताला
यह भी पढ़ें- रामगढ़ की चुटूपालु घाटी में बड़ा हादसा टला, ओवरटेक कर रहे ट्रेलर ने दो कार को मारी टक्कर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










