ePaper

ठंडी फुहार के बीच रूटलाइ़न में चलते रहे कांवरिये

Updated at : 12 Aug 2024 7:44 PM (IST)
विज्ञापन
ठंडी फुहार के बीच रूटलाइ़न में चलते रहे कांवरिये

चौथी सोमवारी पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया. प्रातः 04:03 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया था.

विज्ञापन

प्रमुख संवाददाता, देवघर :

श्रावणी मेले के दौरान तीसरी सोमवारी की अपेक्षा चौथी सोमवारी को श्रद्धालुओं की कम भीड़ आयी. चौथी सोमवारी पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया. प्रातः 04:03 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया था. कांवरियों की कतार जलार्पण के लिए रविवार रात से ही नंदन पहाड़ होते हुए सिंघवा तक पहुंच गयी थी. कतार में शिवभक्तों की गूंज से रूट लाइन गुंजायमान रहा और सभी कांवरिया कतारबद्ध हो बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहे.

10-12 किमी लंबी हो गयी थी कतार

देर रात तक कांवरियों की कतार तकरीबन 10-12 किमी लंबी हो गयी. जलार्पण के लिए कतारबद्ध कांवरियों को सिंघवा ओवर ब्रिज, नंदन पहाड़, बरमसिया, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स से फुट ओवर ब्रीज और संस्कार मंडप होते हुए बाबा मंदिर के गर्भ गृह में लगे अरघा के माध्यम से सुलभ व सुरक्षित जलार्पण कराया गया. देर रात से श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, जवानों और कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. देर रात से ही डीसी विशाल सागर अपनी पूरी प्रशासनिक टीम के साथ कतार को व्यवस्थित करने और सुबह जलार्पण शुरू होने के बाद बाबा मंदिर में डटे रहे. एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग और एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव सहित सभी पुलिस अफसरों ने सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी मॉनिटरिंग की. प्रशासनिक और पुलिस की पुख्ता व्यवस्था के कारण चौथी सोमवारी पर श्रद्धालुओं ने सुलभ जलार्पण किया.

शिवगंगा में अलर्ट रही एनडीआरएफ की टीम

मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए शिवगंगा सरोवर में एनडीआरएफ की टीम पूरी बचाव संबंधी सुविधा के लैस होकर तैनात रही. डूबने से बचाने के लिए बोट और सुरक्षा जैकेट के साथ जवान अलर्ट मोड में रहे. सोमवार को सुबह 4.03 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए खुला, तब से लेकर समाचार लिखे जाने तक कांवरियों का रैला थमने का नाम नहीं ले रहा. बताया जा रहा है कि इतनी भीड़ पिछले तीन-चार सालों में श्रावणी मेले में बाबाधाम नहीं पहुंची है.

ठंडी फुहारों के बीच आगे बढ़ते रहे कांवरिये

श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं को रूटलाइन में उमस से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से ठंडे फुहारों के छिड़काव के लिए चलंत वाहन की व्यवस्था की गयी थी. ठंडी फुहारों के बीच जलार्पण के लिए कतारबद्ध श्रद्धालु आगे बढ़ रहे थे. रूटलाइन में की गयी व्यवस्था पर प्रसन्नता जाहिर कर श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया.

मातृत्व विश्रामगृह में महिलाओं और बच्चों को मिली राहत

चौथी सोमवारी पर जिला प्रशासन ने रूट लाइन में कई जगहों पर महिलाओं और बच्चों के लिए मातृ्व विश्रामगृह का निर्माण करवाया था. रविवार देर रात से सोमवार तक महिलाएं और बच्चों ने इस विश्रामगृह की सुविधा का लाभ लिया.

हाइलाट्स

श्रावणी मेला. चौथी सोमवारी पर उमड़े श्रद्धालु, चहुंओर बोल-बम, बोल-बम

– मातृत्व विश्रामगृह में महिलाओं और बच्चों को मिली राहत

-सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था के बीच कांवरियों ने किया सुलभ जलार्पण

-शिवगंगा में एनडीआरएफ की टीम रही तैनात

-कतार में भीड़ नियंत्रण में पुलिस-प्रशासन को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत

-डीसी कभी रूटलाइन, तो कभी बाबा मंदिर में रहे मुस्तैद

-रूटलाइन में बने मातृत्व विश्रामगृह में महिलाएं व बच्चों ने किया विश्राम

-कतार में लगे बच्चों के बीच डीसी ने बांटे चॉकलेट

-एसपी-एसडीपीओ करते रहे सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola