Deoghar news : इंदिरा नगर गोली कांड में तीनों नामजद समेत चार आरोपित गिरफ्तार, हथियार बरामद

Published by : ASHISH KUNDAN Updated At : 22 Apr 2025 7:34 PM

विज्ञापन

देवघर के इं‍दिरा नगर में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और हथियार भी बरामद किया है. इनके साथ और कई आरोपी है.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर नगर थानांतर्गत इंदिरा नगर मुहल्ले में रविवार रात करीब 8:05 बजे बदमाशों के फायरिंग करने के मामले में तीन नामजद सहित चार आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पकड़े गये आरोपितों में बरमसिया साकेत विहार मुहल्ला निवासी प्रभात तिवारी सहित रोहित झा, बरमसिया के ही नितेश झा व इन तीनों का एक साथी इंदिरा नगर का ही गुड्डू कुमार वर्मा शामिल है.

फायरिंग के बाद पिस्तौल-गोली तीनों आरोपितों ने छिपाने के लिये गुड्डू को दे रखा था. पुलिस की छापेमारी टीम ने पहले प्रभात सहित रोहित व नितेश को गुप्त सूचना पर छापेमारी कर दबोचा. इसके बाद इन लोगों की निशानदेही पर गुड्डू के घर छापेमारी की, जिसमें पिस्तौल-गोली के साथ वह पुलिस के हत्थे चढ़ा. पिस्तौल-गोली बरामदगी के मामले में आयुध अधिनियम की फिर एक प्राथमिकी एसआइ नवीन कुमार की शिकायत पर नगर थाने में दर्ज की गयी है. इसके पूर्व घटना को लेकर एएसआइ मनोज पासवान की शिकायत पर फायरिंग कर दहशत फैलाने का मामला नगर थाने में दर्ज किया गया था, जिसमें प्रभात तिवारी, रोहित झा, नितेश झा व इनके अन्य अज्ञात साथियों को आरोपित बनाया गया है. घटनास्थल से पुलिस ने गोली का तीन खोखा बरामद किया था. सूत्रों की मानें तो एसआइ नवीन द्वारा दर्ज कराये गये तीनों आरोपियों के अलावा इन लोगों के साथियों इंदिरा नगर के ही पंकज सिंह व मनीष कुमार यादव को भी आरोपित बनाया गया है. पुलिस इन दोनों की भी तलाश में जुटी है.

जमीन पर कब्जे की बना रहा था योजना, दहशत के लिये चलायी थी गोली

पुलिस के पास पूछताछ में आरोपितों ने कांड में अपनी-अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए कहा कि घटना के पूर्व रोहिणी व इंदिरा नगर की खाली जमीन पर अवैध कब्जा की योजना बना रहा था. उसी दौरान आसपास के लोगों के बीच दहशत कायम करने के लिये नितेश ने अपने साथ लाये पिस्तौल-गोली देकर रोहित से तीन हवाई फायरिंग करा दी थी. घटना के बाद प्रभात ने गुड्डू को पिस्तौल-गोली रखने के लिये दे दिया था. पुलिस के पास इन आरोपितों ने यह भी कहा है कि संगठन बनाकर हथियार का भय दिखाकार जमीनों की अवैध घेराबंदी कराकर पैसे की उगाही करता है. पिछले कई साल से रोहिणी इलाके में कई एकड जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर उसे बेचकर पैसों की उगाही की है. गिरोह में प्रभात, नितेश, रोहित के अलावा पंकज सिंह, मनीष कुमार यादव व अन्य तीन-चार पंकज के परिचित भी शामिल है. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ASHISH KUNDAN

लेखक के बारे में

By ASHISH KUNDAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola