बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर होगा तंबाकू मुक्त क्षेत्र
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 29 Sep 2024 8:17 PM
बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर सहित आसपास 91 मीटर के दायरे में तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए एम्स देवघर ने पहल की है. इसके तहत बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और इसके सौ गज की परिधि में तंबाकू के सेवन, खरीद-बिक्री और विज्ञापन पर रोक से संबंधित स्टीकर व पोस्टर लगाये गये.
संवाददाता, देवघर : बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर सहित आसपास 91 मीटर के दायरे में तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए एम्स देवघर ने पहल की है. रविवार को एम्स के वाइटल स्ट्रैटेजीज तंबाकू कंट्रोल प्रोजेक्ट के मुख्य अन्वेषक और एम्स के निदेशक प्रो डॉ सौरभ वार्ष्णेय ने इसके लिए क्रमवार अभियान चलाने की योजना बनायी है. उन्होंने संताल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स, आइएमए, पंडा धर्मरक्षिणी सभा, बाबा मंदिर प्रशासन, नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर बाबा मंदिर को तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए काम शुरू कर दिया है. इसके तहत बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और इसके सौ गज की परिधि में तंबाकू के सेवन, खरीद-बिक्री और विज्ञापन पर रोक से संबंधित स्टीकर व पोस्टर लगाये गये. साथ ही श्रद्धालुओं, स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों को जागरूक करने के मकसद से सामूहिक जागरुकता अभियान चलाया गया. संताल परगना चेंबर के सौजन्य से अवेयरनेस पोस्टर लगाने की शुरुआत एसडीएम सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार, चेंबर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, एम्स के प्रोग्राम कॉर्डिनेटर डॉ संदीप भट्टाचार्य, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री निर्मल झा मंटू, उपाध्यक्ष संजय मिश्रा ने संयुक्त रूप से की. मौके पर एम्स के डॉ विनायगामूर्ति, डॉ अरशद अयूब व डॉ उज्जवल कुमार, चेंबर के उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल, कोषाध्यक्ष प्रिंस सिंघल, कार्यकारिणी सदस्य संजय मालवीय, लक्ष्मण पटेल, कनिष्क कश्यप, बाबा मंदिर क्षेत्र दुकानदार संघ के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता, बाबा मंदिर सफाई एजेंसी के सचिव एसपी भुईयां बिलास सहित दर्जनों लोगों ने बाबा मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में स्टीकर व पोस्टर चिपकाये. पुरोहित व दुकानदारों से सहयोग की अपील एम्स के प्रोग्राम कॉर्डिनेटर डॉ संदीप भट्टाचार्य ने बताया कि एम्स निदेशक के निर्देशन में यह अभियान लगातार चलाया जायेगा. इसके अंतर्गत मंदिर और इसके आसपास के क्षेत्र में पुरोहितों व दुकानदारों को काउंसलिंग के माध्यम से बाबा मंदिर को तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाने में सहयोग करने को कहा जायेगा. बाबा मंदिर प्रभारी ने कहा कि एम्स और चेंबर की यह पहल बहुत प्रशंसनीय है. उन्होंने लोगों से अपील की कि बाबा मंदिर को तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाने में सभी सहयोग करें. उन्होंने मंदिर के आसपास के दुकानदारों को तंबाकू सामग्री नहीं बेचने की हिदायत दी. मंदिर और इसके सौ गज के दायरे में तंबाकू की खरीद-बिक्री और विज्ञापन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया जायेगा. चेंबर के अध्यक्ष व पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री ने सभी लोगों से बाबा मंदिर को तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाने में सहयोग करने तथा बाबा मंदिर की पवित्रता को कायम रखने पर सबकी भागीदारी पर जोर दिया. ———————————- – एम्स देवघर ने विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर शुरू किया अभियान – बाबा मंदिर परिसर व सौ गज के दायरे में तंबाकू के सेवन, खरीद-बिक्री और विज्ञापन पर रोक – मंदिर के आसपास लगाये गये स्टीकर व पोस्टर
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










