जिले में बढ़ा क्राइम: मोहनपुर में सड़क लुटेरों ने मचाया तांडव गोली मारकर की हत्या, बाइक ले भागे

Updated at : 28 Jun 2014 9:30 AM (IST)
विज्ञापन
जिले में बढ़ा क्राइम: मोहनपुर में सड़क लुटेरों ने मचाया तांडव गोली मारकर की हत्या, बाइक ले भागे

देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र के जयपुर रोड पर सड़क लुटेरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी व बाइक लूट लिया. गोली लगने से घटना स्थल पर ही बांका जिलांतर्गत जयपुर बाजार निवासी कलीम अंसारी(40) की मौत हो गयी. जोगिया गांव आया था कलीम : शुक्रवार की सुबह 11 बजे कलीम अंसारी बगैर […]

विज्ञापन

देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र के जयपुर रोड पर सड़क लुटेरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी व बाइक लूट लिया. गोली लगने से घटना स्थल पर ही बांका जिलांतर्गत जयपुर बाजार निवासी कलीम अंसारी(40) की मौत हो गयी.

जोगिया गांव आया था कलीम : शुक्रवार की सुबह 11 बजे कलीम अंसारी बगैर नंबर की लाल पल्सर बाइक लेकर जोगिया गांव आया था. पुलिस के अनुसार, जोगिया गांव से वापस जयपुर लौटने के क्रम में दो अज्ञात अपराधियों ने कदराकुरा चौक के पास कलीम को रोका व बाइक छीनने का प्रयास किया. इस दौरान कलीम द्वारा विरोध जताने पर अपराधियों ने गोली चला दी. गोली कलीम के बायें सीने में लगी तथा घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. इसके बाद अपराधी बाइक लेकर कदराकुरा जंगल होते हुए कटोरिया की ओर भाग निकले. भागते वक्त कदराकुरा के ग्रामीणों ने अपराधियों को देखा भी था.

एक अपराधी के मुंह पर कपड़ा बांधा था व दूसरे ने टोपी से चेहरा ढंक लिया था. घटना की सूचना मिलने पर जयपुर ओपी थाना व मोहनपुर थाना की पुलिस पहुंची. मोहनपुर पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल देवघर भेज दिया. सूचना मिलने पर देवघर एसडीपीओ अनिमेष नैथानी व सदर इंस्पेक्टर मदन मोहन प्रसाद भी छानबीन के लिए घटनास्थल पहुंचे.

कटोरिया क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी
हत्या की सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना प्रभारी डीएन ठाकुर व जयपुर ओपी थाना की पुलिस की संयुक्त टीम ने कटोरिया थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की. देर शाम तक पुलिस अपराधियों को खोजने के लिए कटोरिया जंगल की खाक छानती रही, लेकिन अपराधियों का सुराग नहीं मिला. फिलहाल इस मामले में मोहनपुर थाने में दो अज्ञात अपराधियों पर लूट व हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

घटनास्थल को लेकर दो राज्यों की पुलिस में जिच
घटनास्थल बिहार-झारखंड के सीमावर्ती इलाके में है. घटनास्थल के एक तरफ झारखंड के देवघर जिले का मोहनपुर थाना है. वहीं दूसरी तरफ बिहार के बांका जिले का जयपुर ओपी क्षेत्र का इलाका है. घटनास्थल को लेकर बिहार-झारखंड की पुलिस के बीच थोड़ी जिच भी हुई. हालांकि बाद में छानबीन के दौरान घटनास्थल झारखंड की सीमा में ही निकला. इसके बाद मोहनपुर थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज हुई.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola