श्रावणी मेला : कांवरिया पथ से बाबाधाम तक हर तरफ बोल बम

Updated:
विज्ञापन

देवघर: सावन की तीसरी सोमवारी को शिव भक्तों की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ने की संभावना है. जिला प्रशासन को भी सुल्तानगंज से जो फीडबैक मिला है, उसके अनुसार दो लाख से भी अधिक कांवरिये रविवार से बाबाधाम पहुंचने लगेंगे. इस बार तीसरे रविवार व सोमवार की भीड़ काफी चुनौतीपूर्ण होने वाली है. शुक्रवार को सुल्तानगंज से […]

विज्ञापन
देवघर: सावन की तीसरी सोमवारी को शिव भक्तों की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ने की संभावना है. जिला प्रशासन को भी सुल्तानगंज से जो फीडबैक मिला है, उसके अनुसार दो लाख से भी अधिक कांवरिये रविवार से बाबाधाम पहुंचने लगेंगे. इस बार तीसरे रविवार व सोमवार की भीड़ काफी चुनौतीपूर्ण होने वाली है. शुक्रवार को सुल्तानगंज से 1.30 लाख कांवरिये कांवर लेकर बाबाधाम कूच कर चुके हैं.

इसलिए जिला प्रशासन हर तरह की तैयारी को मजबूत करने में जुटा है. जिला प्रशासन ने रूट लाइनिंग, बाबा मंदिर, कांवरिया पथ सहित अन्य मेला क्षेत्र में रविवार से और सोमवार को चौकस रहने की हिदायत दी है. डीसी-एसपी ब्रीफिंग के अलावा सुरक्षा, यातायात, पानी, बिजली सहित अन्य तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं. इस बीच सावन के 12वें दिन तकरीबन एक लाख आठ हजार कांवरियों ने बाबा मंदिर में और 71 हजार कांवरियों ने बासुकिनाथ में जलार्पण किया. वहीं बासुकिनाथ में 2144 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम से जलार्पण किया.

तीसरी सोमवारी की चुनौती से निबटने की तैयारी : डीसी राहुल कुमार सिन्हा व एसपी ए विजयालक्ष्मी ने तीसरे रविवार व सोमवार की अप्रत्याशित भीड़ से निबटने के लिए सारी व्यवस्था को अप-टू-डेट करने का निर्देश दिया है. रविवार व सोमवार दो दिनों तक पुलिस व प्रशासनिक कर्मियों की ड्यूटी 12-12 घंटे की निर्धारित की गयी है. तीन पालियों में 12-12 घंटे की ड्यूटी पर रविवार से ही तैयार रहने को कहा गया है. पुलिस पदाधिकारी व दंडाधिकारियों को विशेष निर्देश दिये गये हैं. भीड़ को रेगूलेट करने और होल्डिंग प्वाइंट पर मुस्तैदी के साथ कतार को आगे बढ़ाने की नीति पर जोर देने को कहा गया है.
बाबा मंदिर में तेजी से जलार्पण करवाने का निर्देश
जिला प्रशासन ने बाबा मंदिर में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया है कि भीड़ को देखते हुए जलार्पण तेजी से करवायें ताकि कतार तेजी से आगे बढ़े. कतार को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर रैफ की तैनाती की गयी है. नेहरू पार्क और क्यू काॅम्प्लेक्स के होल्डिंग प्वाइंट का पूरा उपयोग करने को कहा गया है. इसके अलावा कतार के अंतिम छोर पर एनडीआरएफ की भी तैनाती की गयी है.
कांवरिया पथ दुम्मा से भीड़ को रोकने की रणनीति
इस बार रविवार व सोमवार की भीड़ को देखते हुए दुम्मा से लेकर देवघर तक भीड़ को जगह-जगह रोकने को कहा गया है. साथ ही सूचना तंत्र के सहारे लोगों को जानकारी दी जायेगी कि बाबा मंदिर और रूट लाइनिंग में भीड़ की क्या स्थिति है.
तीसरी सोमवारी से पहले ही बढ़ने लगी भीड़
शुक्रवार को बाबा मंदिर का पट निर्धारित समय पर खुलने के साथ ही कांचा जल पूजा व सरकारी पूजा संपन्न की गयी. इसके बाद सुबह चार बजे से आम भक्तों को जलार्पण के लिए पट खोल दिया गया. श्रावणी मेले की दूसरी सोमवारी के बाद हर दिन कांवरियों की भीड़ में वृद्धि दर्ज की जा रही है. शुक्रवार को ही बाबा मंदिर परिसर से लेकर पूरे रूट लाइन में सोमवारी के आने का एहसास होने लगा. हर तरफ बोल बम व हर हर महादेव का जयघोष गूंज रहा है. इस बार सावन में पांच सोमवारी पड़ रहा है. वहीं जिला प्रशासन अभी से ही 24 जुलाई को पड़ रही तीसरी सोमवारी की भीड़ नियंत्रण की रणनीति बनाने लगी है. साथ ही 28 जुलाई को पड़ने वाले नाग पंचमी तिथि पर भी अप्रत्याशित भीड़ का अनुमान है. इसकी तैयारी भी की जा रही है. पिछले कई वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि नाग पंचमी पर सोमवारी से भी अधिक भीड़ रहती है. बाबा भोले पर इस दिन जलार्पण करने से भक्त को दोहरा लाभ मिलता है. मान्यता है इस दिन जलार्पण करने से भाेले शंकर भक्त पर असीम कृपा प्रदान करते हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola