साइबर ठगी की बुनियाद पर खड़ी कर ली आलीशान इमारत!
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
दर्जनों युवकों को कई राज्यों की पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार सारठ : सरकार व पुलिस के लाख दबाव के वावजूद सारठ मे साइबर क्राइम थमने का नाम नही ले रहा है. अब तक यूपी, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गुजरात, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों की पुलिस साइबर अपराधियों की तलाश मे सारठ पहुंच चुकी […]
विज्ञापन
दर्जनों युवकों को कई राज्यों की पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार
सारठ : सरकार व पुलिस के लाख दबाव के वावजूद सारठ मे साइबर क्राइम थमने का नाम नही ले रहा है. अब तक यूपी, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गुजरात, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों की पुलिस साइबर अपराधियों की तलाश मे सारठ पहुंच चुकी हैं. एक दर्जन से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले चुकी हैं. इसके बावजूद इस अपराध में इलाके के युवाओं की संलिप्तता बढ़ती ही जा रही है. गांव के युवक पढ़ाई छोड़ कर चकाचौंध भरी जिदंगी जीने के लिए इस गैर कानूनी धंघे में आ रहे हैं.
सारठ थाना क्षेत्र के रानीबांध, नयाखरना,जमुनीटांड, झगराही, फुलचुवां, बेहरा, सगरूबाद, ढोडोडुमर, कपसा, बारापंसारी, नवादा, बसाहांटांड, लकड़ाखोंदा, बरमसिया, उबिया, महापुर, बारबांक समेत कई गांवों में सैकड़ों युवक इस धंघे मे लिप्त हो देश से लाखों का वारा न्यारा कर रहे हैं.
कभी करते थे मजदूरी, साइबर ठगी ने बदली जिंदगी, आज अकूत संपत्ति के मालिक
थाना क्षेत्र के नया खरना गांव में साइबर अपराध के आरोप में जेल जा चुका मेहरा नामक युवक गांव में छह कठ्ठा नया प्लॉट खरीद कर लाखों का आलीशान मकान बना रहा है. गांव में इसको लेकर अच्छी-खासी चर्चा है कि अखिरकार एक बीपीएल परिवार के पास अचानक इतना पैसा कहां से आ गया, जो नयी जमीन खरीद कर आलीशान मकान बना रहा है. ग्रामीणों के अनुसार वह कुछ समय पहले तक मजदूरी करता था. अचानक आयी अकूत संपत्ति पर लोग न केवल सवाल खड़े कर रहे हैं. बल्कि कई लोगों ने पुलिस व प्रशासन में आवेदन देकर मामले की जांच की मांग भी की है. गांव के पीडीएस दुकानदार सचिन मेहरा ने पूछने पर बताया कि मेहरा की माता व पिता का नाम अंत्योदय सूची में दर्ज है. परिवार प्रतिमाह 35 किलो अनाज आज भी उठा रहा है.
खुलेआम घूम रहे हैं साइबर अपराध के आरोपित
सात जनवरी 2016 को झगराही गांव मे दिल्ली पुलिस ने जामताड़ा से साइबर अपराधी प्रहलाद मंडल एवं रामकिशोर मंडल को गिरफ्तार किया था. पुलिस उनकी निशानदेही पर अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए उसी दिन सारठ थाने के झगराही गांव भी पहुंची थी. जहां ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर गिरफ्तार आरोपित को छुड़ा लिया था.
जिसको लेकर थाना कांड संख्या -11/2016 दर्ज किया था. जिसमें पुलिस ने सुपरविजन में घटना को सत्य पाया. इसके बावजूद अब तक आरोपी बंगाली मंडल, गोविन्द मंडल, प्रहलाद मंडल, मणिलाल मंडल, रामकिशोर मंडल, राहुल मंडल, राजेश मंडल, सुबोध मंडल को पुलिस गिरफ्तार नही कर पायी है. जामताड़ा पुलिस के सख्त होने के बाद साइबर अपराधियों ने सारठ को अपना गढ़ बना लिया है.
कहते हैं एसडीपीओ
क्षेत्र में साइबर क्राइम में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर सूची बनाने का निर्देश थाना प्रभारी को दिया गया है. आरोपितों की आय का स्रोत जानने के लिए बीडीओ को पत्र लिखने को कहा गया है. थाना प्रभारी को आयकर विभाग को भी पत्र लिख कर आरोपितों की कमाई का स्रोत पता करने का निर्देश दिया गया है.
अशोक कुमार सिंह, एसडीपीओ
कहते हैं थाना प्रभारी
साइबर क्राइम में संलिप्त दो दर्जन से भी अधिक युवाओं की सूची तैयार की जा रही है. साइबर आरोपितों की आय का स्रोत पता करने के लिए बीडीओ को पत्र लिखा जायेगा. सूची मिलते ही ऐसे लोगों पर कार्रवाई की प्रक्रिया की जायेगी.
– एनडी राय, थाना प्रभारी, सारठ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










