गिद्धौर थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटना से लोग परेशान

एक माह में चोरी की 10 घटनाएं, एक का भी नहीं हुआ खुलासा
: एक माह में चोरी की 10 घटनाएं, एक का भी नहीं हुआ खुलासा गिद्धौर. थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ गयी हैं. दो-चार दिनों के अंतराल में चोरी की घटना घट रही है. कभी पंचायत सचिवालय, तो कभी मवेशी, तो कभी घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है. चोरी की बढ़ती घटना से लोग परेशान हैं. शनिवार की रात पिंडारकोण गांव के पुरनाडीह टोला स्थित राजेश कुमार गुप्ता के मुर्गी फॉर्म में चोरी हो गयी. वहां से इन्वर्टर व बैट्री की चोरी की गयी है, जिससे फार्म संचालक को 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. इस संबंध में भुक्तभोगी ने थाना में आवेदन दिया है. कब कहां हुई चोरी : गिद्धौर थाना क्षेत्र में एक माह में चोरी की 10 घटनाएं घट चुकी है. पुलिस एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पायी है, जिससे चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है. लगातार चोरी की घटना से लोग चिंतित है. दो अप्रैल को पिंडारकोण गांव निवासी सुरेश यादव के एक मवेशी की चोरी, पांच अप्रैल को उमाढांकी गांव निवासी चंद्र सिंह भोगता के एक मवेशी की चोरी, आठ अप्रैल को द्वारी गांव निवासी राजेंद्र यादव के एक मवेशी की चोरी, 20 अप्रैल को पांडेय महुआ गांव समीप परवेज आलम की वेल्डिंग दुकान से बैट्री व इन्वर्टर की चोरी, 25 अप्रैल को गिद्धौर के कोशमागढ़ा स्थित सुभाष दांगी के निजी तालाब से मछली की चोरी, 27 अप्रैल को पहरा पंचायत सचिवालय से दो लाख के समान की चोरी, 28 अप्रैल को पिंडारकोण गांव निवासी छतारी भुईयां के शादी घर से और बनवारी साव के विवाह समारोह से दो-दो साउंड मशीन की चोरी, 28 अप्रैल को ही इचाक गांव निवासी दिलीप सिंह के घर से करीब पांच लाख के जेवरात व 20 हजार नकद, इचाक गांव के ही महेंद्र सिंह के घर से करीब पांच लाख के जेवरात के साथ 35 हजार नकद की चोरी कर ली है. थाना प्रभारी ने कहा : गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने कहा कि चोरों की धर पकड़ के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है. बहुत जल्द चोरी घटनाओं का उद्भेदन किया जायेगा. साथ ही क्षेत्र में चोरी की घटना नहीं घटे, इसे लेकर रात्रि गश्ती बढ़ायी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










