जमीन विवाद को लेकर घर में की गयी फायरिंग, तीन खोखा बरामद
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 01 Jun 2026 9:25 PM
12 नामजद समेत कई अज्ञात काे बनाया आरोपी
: 12 नामजद समेत कई अज्ञात काे बनाया आरोपी चतरा. सदर थाना क्षेत्र के गोडरा गांव में भूमि विवाद को लेकर रविवार देर रात एक परिवार के घर पर फायरिंग किये जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तीन खोखा बरामद कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, गोडरा गांव निवासी अरुण कुमार सिंह के घर पर रविवार रात करीब 12 बजे कुछ लोग हथियारों के साथ पहुंचे और घर के बाहर फायरिंग करने लगे. अचानक गोलियों की आवाज सुनकर घर के सभी सदस्य सहम गये और भय के कारण कुछ देर तक घर से बाहर नहीं निकल सके. बाद में आसपास के ग्रामीणों के जुटने पर परिजन घर से बाहर निकले और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घर के बाहर से तीन खोखा बरामद किया. इस संबंध में भुक्तभोगी अरुण कुमार सिंह ने सदर थाना में आवेदन देकर 12 नामजद तथा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में राजेंद्र यादव, दिनेश्वर यादव, प्रेम यादव, पप्पू कुमार यादव, मुनेश्वर यादव, खिरोधर यादव, मन्नु यादव, कुंजल यादव, विनोद यादव, लखन यादव, छोटू यादव, एकबाल मियां, सुबोध ठाकुर समेत कई अज्ञात का आरोपी बनाया है. भुक्तभोगी का आरोप है कि सभी आरोपी उनकी जमीन हड़पने की नीयत से रात में हथियारों के साथ पहुंचे और घर के बाहर फायरिंग करते हुए गाली-गलौज की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है तथा इस मामले में अंचल और थाना स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने से आरोपियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. पीड़ित ने थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. इधर, सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










