चतरा के कैरलीबार में ईंट भट्ठा मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों का मालिक पर हत्या का आरोप

Updated at : 20 Mar 2026 9:50 AM (IST)
विज्ञापन
Chatra Murder Case

शुक्रवार की सुबह गड्ढे में मिली मजदूर की लाश. प्रतीकात्मक फोटो.

Chatra Murder Case: चतरा में ईंट भट्ठा मजदूर विनोद गंझू की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. परिजनों ने भट्ठा मालिक पर हत्या का आरोप लगाया. रात में पार्टी के बाद सुबह गड्ढे में शव मिला. पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले का खुलासा होने की उम्मीद है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

चतरा से दीनबंधू और अभिमन्यु सिंह की रिपोर्ट

Chatra Murder Case: झारखंड के चतरा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ईंट भट्ठे पर काम करने गए एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कैरलीबार पंचायत की बताई जा रही है. मृतक की पहचान 30 वर्षीय विनोद गंझू के रूप में हुई है, जो करमा पंचायत के मदनपुर गांव का निवासी था.

ईंट भट्ठा पर काम करने गया था मजदूर

परिजनों के अनुसार विनोद गंझू गुरुवार को करैलीबार पंचायत के निमियाटांड़ स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने गया था. यह भट्ठा विनोद भारती और सोनू भारती नामक दो सगे भाइयों का बताया जा रहा है. मजदूरी के सिलसिले में वह वहीं रुक गया था और रात में घर नहीं लौटा.

पार्टी के बाद नहीं लौटा घर

बताया जा रहा है कि भट्ठा जलाने के बाद रात में मालिक की ओर से मजदूरों के लिए शराब और मुर्गा की पार्टी रखी गई थी. इस दौरान सभी मजदूरों ने खाना-पीना किया. इसी बीच विनोद गंझू भी वहीं मौजूद था, लेकिन रात के बाद वह अपने घर वापस नहीं लौटा.

सुबह गड्ढे में मिला शव

शुक्रवार सुबह विनोद गंझू का शव एक गड्ढेनुमा स्थान से बरामद किया गया. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक की पत्नी और परिजनों ने भट्ठा मालिक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. परिजन इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील कर रहे हैं.

थाने में दी जा रही शिकायत

घटना के बाद परिजन वशिष्ठ नगर थाना में आवेदन देने की तैयारी कर रहे हैं. पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: गुमला में दोस्ती और भरोसे को किया दागदार, महिला दोस्त ने टीचर को लगा दिया 32 लाख का चूना

जांच के बाद ही होगा खुलासा

फिलहाल यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है, लेकिन परिजनों के आरोपों ने इसे हत्या का रूप दे दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

इसे भी पढ़ें: सड़क किनारे पेशाब करना पड़ा भारी, ससुराल आए युवक को बाइक ने मारी टक्कर, हो गई मौत

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola