भाई के धक्के से हुई अनीश की मौत, हत्या मामले का खुलासा

Published by :DEEPESH KUMAR
Published at :11 May 2026 9:11 PM (IST)
विज्ञापन
भाई के धक्के से हुई अनीश की मौत, हत्या मामले का खुलासा

चर्चित अनीश हत्याकांड मामले में भाई ही निकला हत्यारा

विज्ञापन

: चर्चित अनीश हत्याकांड मामले में भाई ही निकला हत्यारा चतरा. सदर पुलिस ने चर्चित अनीश कुमार हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक के भाई मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि अनीश की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि भाई के साथ हुए विवाद के दौरान हुई थी. गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार सदर थाना क्षेत्र के जयप्रकाश सजना गांव निवासी सच्चिदानंद सिंह का पुत्र है. सोमवार को सदर अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में एसडीपीओ संदीप सुमन ने मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि छह मार्च को अनीश कुमार के लापता होने की शिकायत सदर थाना में दर्ज करायी गयी थी. शिकायत के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी. इसी क्रम में सात मार्च को सदर प्रखंड कार्यालय के समीप बंद पड़े शौचालय के पास अनीश का शव बरामद किया गया. शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी थी. इसके आधार पर नौ मार्च को सदर थाना हत्या का मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एसआइटी का गठन किया गया. जांच के दौरान टीम ने 500 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाये. इसके अलावा मृतक के दोस्तों, सहकर्मियों और परिजनों से लगातार पूछताछ की गयी. पोस्टमार्टम, डिजिटल और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस का शक मृतक के भाई मनीष कुमार पर गया. कड़ाई से पूछताछ करने पर मनीष ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि छह और सात मार्च की रात वह अपने भाई को खोजते हुए प्रखंड कार्यालय के पास स्थित शौचालय की छत पर पहुंचा था, जहां अनीश नशे की हालत में था. घर चलने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की हुई. इसी दौरान अनीश सीढ़ियों से लुढ़क कर नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद घबराए मनीष ने शव को घसीटकर शौचालय के बाहर बनी टंकी के पास रख दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. एसडीपीओ ने बताया कि मनीष कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ सदर थाना में आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामलों में केस दर्ज है. एसआइटी टीम में एसडीपीओ संदीप सुमन, सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक टीपू अंसारी तथा तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी.

विज्ञापन
DEEPESH KUMAR

लेखक के बारे में

By DEEPESH KUMAR

DEEPESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola