Chaibasa News : जर्जर रोड और अधूरी पुलिया से ग्रामीण त्रस्त, सड़क पर महिलाओं का प्रदर्शन

Published by : AKASH Updated At : 10 Nov 2025 10:46 PM

विज्ञापन

चक्रधरपुर. तंबाकूपट्टी से भालियाडीह और टेबुल लाइन से देवगांव तक सड़क बदहाल

विज्ञापन

चक्रधरपुर.

चक्रधरपुर शहर के तंबाकू पट्टी से भालियाडीह तक 10 किलोमीटर तथा टेबुल लाइन से देवगांव जगन्नाथ मंदिर तक 2 किलोमीटर सड़क की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है. इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इसी समस्या को लेकर सोमवार को भाजपा नेत्री लखी मुंडा और पंचायत समिति सदस्य काजल कैवर्त के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं सड़क पर उतर आयीं और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

महिलाओं ने कहा कि गांव और समाज का विकास तभी संभव है जब क्षेत्र की सड़कें बेहतर हों. उनका कहना था कि तंबाकू पट्टी से भालियाडीह और टेबुल लाइन से देवगांव जगन्नाथ मंदिर तक की सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं. बरसात के दिनों में सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं, जिससे स्कूली बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है. कई बच्चे सड़क पर गिरकर घायल भी हो चुके हैं. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत करीब पांच वर्ष पहले हुई थी, लेकिन घटिया निर्माण के कारण सड़क एक वर्ष भी नहीं टिक पायी. अब सड़क पूरी तरह टूट चुकी है. साथ ही, गोबरी नाला पर पुलिया निर्माण की भी मांग की गयी. मौके पर घानसी कैवत, नजमा खातून, सबीना परवीन, समीना परवीन, रिहाना खातून, मुमताज बेगम, अफसाना परवीन, रुकसार परवीन, हर्षमती देवी, रानी खातून, सैयदा खातूनी, रूमी खातून सहित कई महिलाएं मौजूद थीं.

खराब सड़क से बढ़ा किराया

केंदो पंचायत क्षेत्र में सड़क की दुर्दशा का असर स्थानीय परिवहन पर भी पड़ा है. ग्रामीणों ने बताया कि पहले देवगांव से शहर आने-जाने का किराया मात्र 10 रुपये था, लेकिन अब वही दूरी तय करने के लिए 50 से 100 रुपये तक देने पड़ रहे हैं. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और मरीजों को होती है.

32 वर्षों से पुलिया निर्माण का इंतजार

देवगांव आदिवासी टोला और जिंटीसाई के बीच बहने वाले गोबरी नाला पर आज तक पुलिया का निर्माण नहीं हुआ है. नतीजतन, रोजाना लगभग 500 ग्रामीण और स्कूली बच्चे सीमेंट के बिजली पोल और पेड़ों के सहारे नाला पार करने को विवश हैं. पुलिया के अभाव में एंबुलेंस जिंटीसाई गांव तक नहीं पहुंच पाती. किसी मरीज या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों को मरीज को कंधे या खटिया पर उठाकर नाला पार कराना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 32 वर्षों से वे पुलिया निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक ध्यान नहीं दिया.

सड़क निर्माण से हजारों लोगों को लाभ मिलेगा

तंबाकू पट्टी से भालियाडीह तक सड़क निर्माण होने से तंबाकू पट्टी, संतोषी मंदिर, झुमका मोहल्ला, चांदमारी, टेबुल लाइन, केंदो, देवगांव, माटियाली साई, विर्दी साई, कुरुलिया, रुगड़ी, महुलपानी, इटोर और भालियाडीह गांव के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola