Chaibasa News : चाईबासा व मंझारी में सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत

Updated:
विज्ञापन

कहीं अज्ञात वाहन ने रौंदा, तो कहीं दीवार से टकरायी बाइक; माघे पर्व की खुशियां मातम में बदलीं

विज्ञापन

चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार का दिन हादसों के नाम रहा. मुफ्फसिल और मंझारी थाना क्षेत्रों में हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गयी. पुलिस ने शनिवार को शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय और पर्व-त्योहारों के दौरान रफ्तार पर नियंत्रण रखें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बिहार निवासी ट्रक चालक की मौत

पहली घटना चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बादुड़ी गांव के पास हुई. यहां अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही मौत हो गयी. पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान पिंटू राम के रूप में की. पिंटू बिहार के औरंगाबाद (मदनपुर थाना) का रहने वाला था. वह पेशे से ट्रक चालक था. पुलिस ने शव को सदर अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचित कर दिया है.

मालवाहक वाहन व बाइक की भिड़ंत, चाईबासा के युवक ने तोड़ा दम

दूसरी घटना मंझारी थानांतर्गत मंझारी के पास हुई. यहां एक मालवाहक वाहन (छोटा हाथी) और बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय शिव कुमार गोप (बिंगबुरू रूतासाई निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल मंझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, शिव कुमार साप्ताहिक बाजार भरभरिया जा रहा था, तभी वह हादसे का शिकार हो गया.

मागे पर्व मनाकर लौट रहे कुचाई के युवक की बाइक दीवार से टकरायी

तीसरी दुखद घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बाइहातु के पास शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे हुई. कुचाई निवासी विक्रम सोय (26) अपने दोस्तों के साथ मागे पर्व मनाकर घर लौट रहा था. तेज रफ्तार होने के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर एक घर की दीवार से जा टकरायी. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया. मृतक अपने पीछे एक छोटा बेटा और परिवार छोड़ गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola