Chaibasa News : डॉक्टर व कर्मियों ने ओपीडी सेवा ठप की एसडीओ ने फटकारा, 5 घंटे बाद सेवा बहाल

जगन्नाथपुर सीएचसी में हाई वोल्टेज ड्रामा
जगन्नाथपुर.
जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पर कस्तूरबा की छात्राओं के इलाज के बहाने अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है. इसके विरोध में शनिवार को अस्पताल में भारी हंगामा हुआ. स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों, एएनएम और अन्य कर्मचारियों ने एकजुट होकर ओपीडी सेवा ठप कर दी. हालांकि, एसडीओ की सख्ती और फटकार के बाद दोपहर करीब 2:30 बजे (लगभग पांच घंटे के व्यवधान के बाद) ओपीडी सेवा पुनः बहाल की गयी. इसके बाद मरीजों को राहत मिली.अस्पताल के कर्मचारियों ने सुबह से कामकाज बंद कर दिया. इसकी सूचना जिला, प्रखंड व अनुमंडल प्रशासन को दी. डॉक्टरों का तर्क था कि प्रभारी पर लगे आरोप निराधार हैं, जबकि अधिकारियों ने इसे जांच का विषय बताया. हालांकि, विरोध के दौरान इमरजेंसी सेवाओं को चालू रखा गया था.
एसडीओ ने डॉक्टरों व कर्मचारियों को तलब किया
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को अपने कार्यालय में तलब किया. एसडीओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि उनका प्राथमिक कर्तव्य जनता की सेवा करना है. जांच करना प्रशासन और कानून का काम है, इस तरह स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित करना अनुशासनहीनता है. एसडीओ ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से फोन पर बात कर उन्हें अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करने का निर्देश दिया.
बीडीओ व सीओ पहुंचे, बोले-जांच के बाद सत्यता स्पष्ट होगी
सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचल अधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे. उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत करते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी आरोप की सत्यता जांच के बाद स्पष्ट होगी. इसके लिए ओपीडी सेवा बंद करना और मरीजों को परेशान करना किसी हाल में उचित नहीं है. उन्होंने जनता के हित में तुरंत काम पर लौटने की अपील की.– जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोस्टेड टीम बनायी जा रही है. मरीजों को परेशानी नहीं होगी. टीम में डॉक्टर, एएनएम नर्स मौजूद रहेंगे. यह टीम 8 घंटे के अंतराल में बदलती रहेगी. तीन शिफ्ट में काम होगा.–
सत्यम कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी
, जगन्नाथपुर– प्रभारी पर आरोप के विरोध में स्वास्थ्य कर्मियों ने आक्रोशा जताया. मैंने स्वास्थ्य केंद्र को पुनः सुचारु रूप से चालू करने का आदेश दिया. मामले की जांच होगी. उपायुक्त के निर्देश पर कार्यवाही की जायेगी. –महेंद्र छोटन उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी
, जगन्नाथपुरप्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




