हाटगम्हरिया-जैतगढ़ मुख्य मार्ग ढाई घंटे रहा जाम, जानें क्या रहीं थी वजह
घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़
हाटगम्हरिया-जैतगढ़ मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की पिटाई की और ढाई घंटे तक सड़क जाम रखा.
जगन्नाथपुर. हाटगम्हरिया-जैतगढ़ मुख्य मार्ग पर कुइड़ा गांव के समीप गुरुवार की दोपहर करीब 3:15 बजे सड़क हादसे में 56 वर्षीय सोनाराम बिरुआ की मौत हो गयी. वे अपनी भैंस को चराकर घर लौट रहे थे. जैतगढ़ की ओर से आ रहे 12 चक्का ट्रेलर (ओडी 09 एएफ 9817) के चालक ने चपेट में ले लिया. सोनाराम की मौके पर मौत हो गयी, जबकि भैंस की कमर टूटने से घायल हो गयी.
मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पिटाई कर दी. वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया पुलिस ने पहुंच कर चालक को बचाया. उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुमारडुंगी पहुंचाया. उसकी स्थिति गंभीर देख चाईबासा रेफर कर दिया गया. इधर, मुआवजे और मवेशी के नुकसान की भरपाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर हाटगम्हरिया-जैतगढ़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. करीब ढाई घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं.
प्रशासनिक समझौते के बाद हटा जाम
हाटगम्हरिया और जगन्नाथपुर पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त हुआ. समझौते के तहत मृतक के परिवार को तत्काल क्रियाकर्म के लिए 20 हजार रुपये की सहायता दी गयी. घायल भैंस के एवज में 50 हजार रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी.
आज होगा पोस्टमार्टम, ट्रेलर जब्त
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे (मनोज और अनिल) और एक बेटी (मरियम) को रोता-बिलखता छोड़ गये हैं. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है. शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा. स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज गति पर रोक लगाने की पुरजोर मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार गुप्ता
पत्रकारिता क्षेत्र में 24 वर्षों का समृद्ध अनुभव . क्राइम, राजनीतिक व प्रखंड तथा अंचल से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







