लोको रनिंग स्टाफ ने दिया धरना, कैडर पुनर्गठन की मांग
धरना पर बैठे कर्मी
चक्रधरपुर रेल मंडल में लोको रनिंग स्टाफ ने आठवें वेतन आयोग और कैडर पुनर्गठन की मांग को लेकर क्रू लॉबी के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया.
चक्रधरपुर. चक्रधरपुर रेल मंडल के लोको रनिंग स्टाफ ने आठवें वेतन आयोग में कैडर पुनर्गठन को लेकर ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (अलारसा) के बैनर तले गुरुवार को चरणबद्ध आंदोलन के तहत चक्रधरपुर क्रू लॉबी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया. सुबह 10 से 12 बजे तक दर्जनों लोको पायलटों ने धरने पर बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. रेल मंडल के सचिव ललन कुमार और सीएम महतो के नेतृत्व में लोको पायलटों ने एकजुटता दिखाई.
विश्राम के घंटो व अन्य सुविधाओं पर चोट : सीएम महतो
अलारसा के सीएम महतो ने कहा कि रनिंग स्टाफ के विश्राम के घंटों और अन्य सुविधाओं पर चोट पहुंचायी जा रही है. यदि रनिंग स्टाफ को सही विश्राम और कार्य का अनुकूल माहौल नहीं मिलेगा, तो वे सुरक्षित ट्रेन परिचालन कैसे कर पायेंगे. उन्होंने मांग की कि रनिंग स्टाफ के साथ हो रहे कैडर अन्याय को तुरंत दूर किया जाये, ताकि सभी ग्रेड में पदों की संख्या पर्याप्त हो और समय पर प्रोन्नति मिल सके.

संगठन की मुख्य मांगें
संगठन ने मांग की है कि असिस्टेंट लोको पायलट को लेवल-6, लोको पायलट शार्टिंग को लेवल-6, लोको पायलट गुड्स को लेवल-7, लोको पायलट पैसेंजर को लेवल-8 और लोको पायलट मेल को लेवल-8 में रखा जाना चाहिए. प्रमुख मांगों में कैडर का पूर्ण पुनर्गठन, योग्यता व जिम्मेदारी के अनुसार ग्रेड संरचना और पुराना सापेक्ष वेतन बहाल करना शामिल है. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो भविष्य में और बड़ा आंदोलन किया जायेगा. इस दौरान शशिरंजन, शुभम प्रधान, आर हेम्ब्रम और अशोक यादव सहित दर्जनों लोको पायलट मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुशील कुमार महतो
सुशील कुमार महतो के पास 21 वर्षों की पत्रकारिता का अनुभव है. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से बीएससी किया है. उन्होंने खोजी पत्रकारिता, राजनीतिक एवं सामाजिक विश्लेषण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे और जनसरोकार से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है. वे दो-तीन वर्षों से डिजिटल मीडिया में भी सक्रिय हैं और आधुनिक पत्रकारिता के माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को व्यापक स्तर तक पहुंचा रहे हैं. वर्तमान में प्रभात खबर के चक्रधरपुर कार्यालय में कार्यरत हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









