Chaibasa News : हाइवा मालिक का ~15 लाख किराया बकाया, चक्रधरपुर में 3 पर केस दर्ज
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 03 Apr 2026 11:40 PM
चक्रधरपुर के सौरभ अग्रवाल की देखरेख में चलाया जा रहा था हाइवा
चक्रधरपुर. पटना निवासी हाइवा मालिक अभिनव कुमार ने अपने वाहन का बकाया भाड़ा नहीं देने और बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज कराया है. पुलिस को दी गई शिकायत में बिहार के फुलवारी निवासी अभिषेक कुमार, चक्रधरपुर के सौरभ अग्रवाल और मुंशी मदन गोप को आरोपी बनाया गया है. अभिनव कुमार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. हाइवा मालिक अभिनव कुमार के अनुसार उन्होंने एक एग्रीमेंट के तहत अपना वाहन पटना के अभिषेक कुमार को 15,000 रुपये मासिक भाड़े पर दिया था. यह हाइवा चक्रधरपुर क्षेत्र में सौरभ अग्रवाल की देखरेख में चलाया जा रहा था. पिछले 11 महीनों से वाहन लगातार चल रहा है. इसका कुल भाड़ा 18 लाख रुपये होता है. अभिनव का आरोप है कि उन्हें अब तक केवल 3 लाख रुपये ही दिये गये हैं. शेष 15 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया जा रहा है. अभिनव कुमार ने बताया कि वे पटना में रहते हैं. फोन करने पर आरोपी अक्सर टालमटोल करता था. जब वह बकाया राशि मांगने के लिए खुद चक्रधरपुर पहुंचे, तो वहां भी उन्हें पैसे नहीं दिये गये. आरोप लगाया कि सौरभ अग्रवाल और उनके मुंशी मदन गोप ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकाया. इसके बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली और कड़ी मशक्कत के बाद अपने हाईवा को उनके कब्जे से छुड़वाया. इधर चक्रधरपुर पुलिस ने हाइवा के सही मालिक की पहचान के लिए चाईबासा डीटीओ कार्यालय से संपर्क किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










