Chaibasa News : टाटा मोटर्स ने खड़गपुर को 5-0 से रौंदा

चक्रधरपुर. स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल प्रतियोगिता में जमशेदपुर की दमदार जीत से रोमांचक आगाज
चक्रधरपुर. चक्रधरपुर के सेरसा इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में बुधवार को 29वीं स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ. उद्घाटन मुकाबले में टाटा मोटर्स जमशेदपुर और सेरसा खड़गपुर की टीमें आमने-सामने थीं. दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में खेले गये इस मुकाबले में टाटा मोटर्स जमशेदपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा खेल में सेरसा खड़गपुर को 5-0 गोल से करारी शिकस्त दी. मैच की शुरुआत से ही टाटा मोटर्स जमशेदपुर के खिलाड़ियों ने आक्रामक तेवर दिखाये. खड़गपुर की कमजोर रक्षापंक्ति का जमशेदपुर ने भरपूर फायदा उठाया और बेहतरीन तालमेल व सूझबूझ के साथ लगातार दबाव बनाये रखा. इसका असर पहले हाफ में ही देखने को मिला.
27वें व 30वें मिनट में जमशेदपुर ने एक-एक गोल दागे :
मैच के 27वें मिनट में जर्सी नंबर 13 दिनेश हेंब्रम ने शानदार फील्ड गोलकर जमशेदपुर को बढ़त दिलायी. इसके तीन मिनट बाद ही 30वें मिनट में जर्सी नंबर 15 रोहित तिग्गा ने एक आकर्षक गोल दागकर बढ़त को 2-0 कर दिया. इन दो त्वरित गोलों की बदौलत मध्यांतर तक टाटा मोटर्स जमशेदपुर की टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गयी. मध्यांतर के बाद सेरसा खड़गपुर की टीम ने रणनीति में बदलाव करते हुए आक्रामक खेल अपनाया और पूरी टीम को आगे झोंक दिया. हालांकि, गोल अंतर कम करने की यह कोशिश उन पर भारी पड़ गयी. आक्रमण के दौरान उनकी रक्षापंक्ति पूरी तरह बिखर गयी, जिसका जमशेदपुर ने भरपूर फायदा उठाया. मैच के 54वें मिनट में जर्सी नंबर 7 विक्रम किस्कू ने शानदार गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया. इसके बाद 72वें मिनट में जर्सी नंबर 5 हाजू सोरेन ने चौथा गोल दागकर खड़गपुर की रही-सही उम्मीदों को भी समाप्त कर दिया. मैच के अंतिम क्षणों में, 89वें मिनट में एक बार फिर जर्सी नंबर 13 दिनेश हेंब्रम ने गोल कर टीम की जीत को 5-0 से और भी यादगार बना दिया.टाटा के दिनेश हेंब्रम रहे मैन ऑफ द मैच:
पूरे मैच में दिनेश हेंब्रम का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. उन्होंने दो महत्वपूर्ण गोल किए और मैदान पर हर मूवमेंट में सक्रिय नजर आए. उनके उत्कृष्ट खेल के लिए उन्हें विधायक जगत मांझी के हाथों ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. टाटा मोटर्स जमशेदपुर की इस दमदार जीत के साथ 29वीं स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज बेहद रोमांचक रहा.टूर्नामेंट को लेकर रेलवे ने कार्यालयों का संचालन समय बदला
चक्रधरपुर.
दोपहर के बाद चक्रधरपुर में सेरसा स्टेडियम की तरफ भीड़ का आना शुरू हो गया. खेल देखने के लिए लोगों ने दो घंटे के लिए अपना व्यवसाय व दुकानें बंद कर दीं. वहीं रेलवे ने अपना कार्यालय संचालन का समय बदल दिया. जिससे पूरा दिन चक्रधरपुर में स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल को लेकर लोगों उत्साह बना रहा. ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय के सभी कार्यालयों का कार्य संचालन समय में बदलाव किया. सुबह 7 से शाम 3 बजे तक रेल मंडल का सभी कार्यालय संचालित हो रहा है. मंगलवार को रेल मंडल के वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी डॉ ऋषभ सिन्हा ने सभी कार्यालयों को पत्र जारी किया था. जिससे बुधवार को नये समय से कार्यालयों में कार्य संचालन हुआ. रेलवे के विभागों से सर्वाधिक सीजन टिकटों की ब्रिक्री हुई है. वहीं कार्यालय संचालन समय में बदलाव होने से रेलकर्मी दर्शकों की संख्या बढ़ गयी हैं. पहले दिन डेढ़ हजार दर्शकों से भरा रहा सेरसा स्टेडियम: 6 सालों के बाद फिर से सेरसा स्टेडियम में स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल हो रहा है. इस खेल की चर्चा शहर के गली व मोहल्लों में हो रही है. स्टील एक्सप्रेस को लेकर दर्शकों व प्रशंसकों में उत्साह चरम पर है. सीजन टिकटों के अलावे प्रतिदिन खेल देखने के लिए टिकट काउंटरों में मारामारी रही. पहले दिन करीब डेढ़ हजार से अधिक दर्शकों ने खेल का लुत्फ उठाया.– टाटा मोटर्स एक मजबूत टीम है, जबकि सेरसा खड़गपुर के साथ उनका मुकाबला हुआ. अगर दोनों ओर मजबूत टीमों के बीच टक्कर होती, तो खेल और भी रोमांचक बन जाता. –
नाबेद अनवर
, दर्शक.– जब से होश संभाला है, तब से मैं स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल के मैच देखता आ रहा हूं. फुटबॉल का दीवाना हूं और व्यवसाय या दुकान छोड़कर भी मैच देखने आता हूं.– मोहम्मद अरबाज,
दर्शक.जमशेदपुर, रांची व चाईबासा के रेफरियों ने किया उद्घाटन मैच का संचालन
चक्रधरपुर.
फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच का सफल संचालन चार अनुभवी रेफरियों की ओर से किया गया. मुख्य रेफरी की भूमिका जमशेदपुर के गिरोस सिंह ने निभायी. उनके साथ सहायक रेफरी के रूप में रांची के तबरेज आलम, चाईबासा के रंजीत सावैयां तथा जमशेदपुर के छोटेराय टुडू शामिल रहे. सभी रेफरियों ने अनुशासन और निष्पक्षता के साथ मैच को संपन्न कराया. वहीं, इस उद्घाटन मुकाबले एवं प्रतियोगिता के लिए धनबाद से आये उदय मिश्र को मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया था. उनकी देखरेख में प्रतियोगिता का शुभारंभ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.”टूर्नामेंट युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है”
चक्रधरपुर . स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट का 29वां संस्करण बुधवार को गरिमामय माहौल के साथ शुरू हुआ. इस वर्ष यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता अपनी स्थापना के 50वें वर्ष में प्रवेश कर रही है, जिससे खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला. समारोह में खरसावां के विधायक दशरथ गागराई, मनोहरपुर के विधायक जगत माझी, मंडल रेल प्रबंधक तरुण हूरिया, अपर मंडल रेल प्रबंधक विजय कुजूर तथा सीनियर डीएफएम सह स्पोट् र्स ऑफिसर हेमंत मधुर प्रमुख रूप से शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट का झंडा फहराने से हुई. इसके पश्चात विजेता एवं उपविजेता ट्रॉफी का अनावरण किया गया. अतिथियों ने कहा कि स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट न केवल खेल को बढ़ावा देता है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और आपसी सौहार्द्र को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट
कब–कौन बना चैंपियन (वर्षवार सूची)- 1976-77 : टिस्को, जमशेदपुर- 1977-78 : भिलाई स्टील प्लांट- 1978-79 : एफसीआइ, कोलकाता-1979-80 : सेरसा, खड़गपुर
– 1980-81 : मेकॉन सेल, रांची एवं इंडियन ट्यूब, जमशेदपुर (संयुक्त विजेता)– 1981-82 : एचइसी, रांची- 1982-83 : सेरसा, खड़गपुर
– 1983-84 : बिहार रेजिमेंट, दानापुर- 1984-85 : हिंद मोटर, कोलकाता- 1985-86 : एमयूजी, बैरकपुर– 1986-87 : श्याम नागपुर तरुण संघ, कोलकाता- 1987-88 : जेबीआरसी, कोलकाता- 1988-90 : कॉरप ऑफ सिग्नल, गोवा
– 1991-92 : वर्कशॉप स्पोर्ट्स, कचरापाड़ा– 1992–93 : कॉरप ऑफ सिग्नल, गोवा- 1993-94 : पियरलेस, कोलकाता- 1994-95 : मुरादाबाद एन रेलवे- 1998 : मिलन बैथी, कोलकाता- 2000-01 : मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब, कोलकाता
– 2002-03 : टीएफए टाटा- 2004-05 : टीएफए टाटा– 2006-07 : टीएफए टाटा- 2010-11 : मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब, कोलकाता- 2011-12 : सेरसा, चक्रधरपुर- 2013-14 : पियरलेस, कोलकाता- 2016-17 : ओएनजीसी, मुंबई- 2017-18 : मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब, कोलकाता- 2018-19 : बीएसएफ, पंजाब
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




