Bokaro News : राजस्व संग्रहण में खराब प्रदर्शन वाले विभागों को चेताया
Published by : JANAK SINGH CHOUDHARY Updated At : 21 May 2026 1:01 AM
Bokaro News : डीसी ने राजस्व संग्रहण व भू-संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक की.
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को विभिन्न विभागों के साथ राजस्व संग्रहण व भू-संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक की. खराब प्रदर्शन के लिए वाणिज्य कर बेरमो, जिला खनन विभाग, मोटरयान निरीक्षक बोकारो, बाजार समिति चास, बाजार समिति बेरमो, मापतौल विभाग बेरमो व नगर निगम चास को चेतावनी दी गयी और अविलंब सुधार का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने सभी विभागों को अधिकतम राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया. कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्यों का निष्पादन करें. राजस्व संग्रह सरकार की प्राथमिकता है. इसमें लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी. दाखिल-खारिज के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया गया. चास व बेरमो के डीसीएलआर को 90 दिनों से अधिक लंबित मामलों की सुनवाई कर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने भू-हस्तांतरण, लीज बंदोबस्ती व अनापत्ति प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों की विभागवार समीक्षा की. साथ ही सीटीपीएस, बीटीपीएस, सीसीएल कथारा-बीएंडके-रजरप्पा, टीटीपीएस, डालमिया, दामोदर कोल, ओएनजीसी, बीएसएल, वेदांता व एनएचएआइ जैसी संस्थाओं से जुड़े आधारभूत संरचना व अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित एसडीओ को आवश्यक निर्देश दिया. उपायुक्त ने कंपनियों को पोषक क्षेत्रों में सीएसआर के तहत आमजन व विस्थापितों के हित में कार्य करने समेत स्थानीय स्तर पर समस्या समाधान के लिए पहल करने को कहा.बैठक में अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, डीएलएओ द्वारिका बैठा, बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ, चास डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, डीपीआरओ रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, सभी सीओ समेत संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
सड़क सुरक्षा समिति की हुई मासिक समीक्षा बैठक
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक की. पिछली बैठक में दिये निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार समीक्षा की. मार्च व अप्रैल माह में जिला में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि औसतन 20 से 25 सड़क दुर्घटनाएं प्रतिमाह हो रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने चिह्नित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) पर विशेष सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. एनएचआइ के प्रतिनिधियों को तेलमच्चो टोल टैक्स से आइटीआइ मोड़ और उकरीद मोड़ से बोकारो स्टील सिटी स्टेशन चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर की डीपीआर जल्द फाइनल कराने को कहा. कहा कि जब तक फ्लाईओवर निर्माण नहीं होता, तब तक संबंधित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था व आवश्यक साइनेज की की जाये. महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पीड कैमरा लगाने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा. कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की पार्किंग नहीं होनी चाहिए. बंपर पर व्हाइट कलर, आवश्कतानुसार रिफ्लेक्टिव मार्किंग कराने व चंदनकियारी के दुबे कांटा मोड़ का अध्ययन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश सड़क निर्माण कर रहे एनएचआइ अधिकारियों को दिया.उपायुक्त ने उकरीद-सिवनडीह सहित अन्य क्षेत्रों में कचरा हटाने, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा सड़क किनारे जमा गंदगी को साफ कराने का निर्देश दिया. चास बीडीओ को विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा. पीक आवर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया. साथ ही मानसून पूर्व सड़क किनारे की नालियों की सफाई कराने को कहा.
उपायुक्त ने पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी को ब्रेथ एनालाइजर मशीन से शहर के विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाने, ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने व वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट, नो पेट्रोल अभियान का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा. जिला सड़क सुरक्षा एक्शन प्लान को एक-दो दिनों के भीतर अंतिम रूप देने का निर्देश भी दिया. उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी कई सुझाव दिये. बैठक में एसपी नाथू सिंह मीना, डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा, डीटीओ मारुति मिंज, बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ, ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, एनएचएआइ व आरसीडी के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










