Bokaro News : उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के नये आइजी ने पदभार संभाला

Bokaro News : उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के नये आइजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने पदभार संभाला.
उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के नये आइजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने शनिवार को पदभार संभाला. इसके बाद सेक्टर चार स्थित आइजी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अपराध और नक्सलवाद पर काबू पाने के लिए पुलिस टीमों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है. जोन स्तर पर टीम लीडर के रूप में सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बना कर काम किया जायेगा. पुलिस-पब्लिक को ऑर्डिनेशन बेहतर बनाने पर जोर दिया जायेगा. पुलिस का व्यवहार पब्लिक के साथ सहज व मधुर होना चाहिए. पुलिस से पब्लिक दूर रहेगी, तो कार्य करने में परेशानी होगी.
हर संगठित गिरोह को ध्वस्त करेंगे
श्री सिन्हा ने कहा कि क्राइम कंट्रोल हो. लोग भयमुक्त रहे. इसके लिए हम निश्चित रूप से बेहतर कार्य करेंगे. व्यवसायी व आम लोगों को अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है. हर संगठित गिरोह को ध्वस्त करेंगे. प्रक्षेत्र औद्योगिक क्षेत्र है. ऐसे में किसी को आर्थिक अपराध करने की छूट नहीं दी जा सकती है. आर्थिक अपराध करनेवाले गैंग को टीम के सहयोग से समाप्त करेंगे. ट्रेजरी घोटाले की जांच सरकार की टीम कर रही है. इस घोटाले में हजारीबाग व बोकारो से कुछ पुलिसकर्मी जेल गये हैं. जांच में और पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है, तो निश्चित रूप से कार्रवाई होगी.
श्री सिन्हा ने कहा कि पुष्पा हत्याकांड में पिंड्राजोरा थाना के 28 पुलिस अधिकारी व कर्मियों को सस्पेंड किया गया है. मामला माननीय उच्च न्यायालय के अधीन है. इस संबंध में नये एसपी नाथू सिंह मीणा से बात हुई है. मैं खुद मामले की मॉनिटरिंग करूंगा. पुष्पा हत्याकांड से जुड़े सभी रिकार्ड को एसपी के साथ देखा जायेगा. जरूरत के अनुसार एसआइटी के साथ समीक्षा करेंगे. मामले में हर बिंदु पर गहनता के साथ पड़ताल होगी.2006 बैच के झारखंड कैडर के आइपीएस अधिकारी श्री सिन्हा इससे पहले पलामू के जोनल आइजी के रूप में कार्यरत थे. वहां नक्सलवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया था. उन्होंने लातेहार क्षेत्र में आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों (जेजेएमपी के सुरेंद्र लोहरा सहित अन्य) का स्वागत किया. अपने कार्यकाल में समन्वय स्थापित कर अपराधियों व नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए जाने जाते हैं. ज्ञात हो कि जोनल आइजी सुनील भास्कर का स्थानांतरण बोकारो जोन से झारखंड सशस्त्र पुलिस में आइजी के पद पर किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




