Bokaro News : समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की हुई समीक्षा

Published by :JANAK SINGH CHOUDHARY
Published at :14 Apr 2026 12:12 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की हुई समीक्षा

Bokaro News : जिला समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गयी.

विज्ञापन

जिला समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति व समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय कार्यालय कक्ष में बैठक हुई. अध्यक्षता डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने की. डीडीसी ने योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी, पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कहा कि बंद पड़े विद्यालय भवनों में आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाये. इसके लिए सर्वे कार्य एक सप्ताह के अंदर पूरा कर विस्तृत प्रतिवेदन जिला कार्यालय को उपलब्ध कराये. बताते चलें कि अभी तक 102 आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद पड़े विद्यालय भवन में स्थानांतरित किया गया है.

आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए भूमि की अनुपलब्धता को प्रमुख बाधा बताते हुए डीडीसी ने सभी सीओ व सीडीपीओ को समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के भीतर भूमि चिह्नित करने के कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता से कहा कि जिला में कार्यरत विभिन्न निर्माण एजेंसियों द्वारा किये जा रहे कार्यों का विस्तृत ब्योरा तैयार करायें, ताकि यह स्पष्ट हो कि किस एजेंसी द्वारा कितने केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है. उनकी वर्तमान स्थिति क्या है और किन कारणों से कार्य लंबित है. डीडीसी ने कहा कि जो आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण पूर्ण हो चुके हैं, उनका हैंड ओवर अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए. सीडीपीओ स्तर से हैंड ओवर की प्रक्रिया पूरी करायें. इसको लेकर सभी संबंधित निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय बैठक की जाये.

पोषण ट्रैकर एप में शत-प्रतिशत हो डाटा इंट्री

पोषण ट्रैकर एप में डाटा इंट्री की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए डीडीसी ने सभी सीडीपीओ को निर्देश दिया कि लाभुकों से संबंधित सभी सूचनाएं नियमित व अद्यतन रूप से दर्ज हो. इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. डीडीसी ने जिला के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका का निर्माण व शेष बाला पेंटिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया. राज्य व जिला स्तर से उपलब्ध आरओ पेयजल, एलइडी टीवी व अन्य आवश्यक संसाधनों की केंद्र में उपलब्धता व उनके अधिष्ठापन व संचालन की वर्तमान स्थिति का समेकित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा.

इन योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में टीएचआर (टेक होम राशन), आपार आइडी, धरती आबा, आभा आइडी, पोषण पखवारा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शक्ति सदन सहित अन्य योजनाओं की भी प्रगति की बिंदुवार समीक्षा हुई. डीडीसी ने सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत सभी प्रखंडों के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे.

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola